मालवा में शीतलहर: कई जिलों के स्कूलों में अवकाश, देवास में बच्चे-अभिभावक कर रहे इंतजार


देवास। इन दिनों मालवा क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में है। सुबह-शाम शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए आसपास के कई जिलों में जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सेहत और सुरक्षा के लिए 17 जनवरी को विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
यह अवकाश सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई एवं माध्यमिक शिक्षा मंडल से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में लागू होगा।
अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए है। सभी शिक्षक और शैक्षणिक स्टाफ को नियत समय पर विद्यालय में उपस्थित रहकर अपने प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्य संपादित करने होंगे।
मालवा क्षेत्र में ठंड का प्रकोप-
मालवा क्षेत्र इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। तापमान में लगातार गिरावट और शीतलहर के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। प्रशासन का यह निर्णय मालवा क्षेत्र के बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
हालांकि देवास में अभी तक प्रशासन द्वारा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। यहां के अभिभावक और विद्यार्थी भी जल्द राहत के आदेश की उम्मीद कर रहे हैं।




