नगर निगम

अब नल के पानी से गाड़ी धोना पड़ेगा महंगा, पकड़े जाने पर लगेगा 5 हजार तक जुर्माना

Share

 

नगर निगम की सख्ती: सड़क और फर्श धोने में भी न करें नल के पानी का इस्तेमाल, निर्माण कार्यों और वाहन धुलाई के लिए 5 हजार लीटर ट्रीटेड पानी का टैंकर मात्र 50 रुपए में मिलेगा

देवास। शहर में पानी की बर्बादी रोकने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। अब घरेलू नल से गाड़ी धोना, सड़क और फर्श साफ करना या पानी को व्यर्थ बहाना महंगा पड़ सकता है।

नगर निगम ने चेतावनी दी है कि नल के पानी का दुरुपयोग करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति से 2 हजार से 5 हजार रुपए तक जुर्माना वसूला जाएगा। जरूरत पड़ने पर नल कनेक्शन भी काटा जा सकता है।

नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने सभी वार्डों में पानी की बर्बादी रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि घरेलू नल का पानी केवल पीने और आवश्यक घरेलू उपयोग के लिए है। इसका उपयोग वाहन धोने, सड़क एवं फर्श साफ करने या अन्य गैर जरूरी कार्यों में नहीं किया जाना चाहिए। नल चालू छोड़कर पानी बहाने वालों पर भी कार्रवाई होगी।

निर्माण और वाहन धुलाई के लिए मिलेगा सस्ता ट्रीटेड पानी-
नगर निगम ने निर्माण कार्यों और वाहन धुलाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की है। इसके तहत निगम द्वारा 5 हजार लीटर ट्रीटेड पानी का टैंकर मात्र 50 रुपए में उपलब्ध कराया जा रहा है। नागरिक इस पानी का उपयोग निर्माण कार्यों और वाहन धोने में कर सकते हैं। इसके साथ ही घरेलू बोरवेल के पानी का उपयोग भी कम से कम करने की अपील की गई है।

नागरिकों से पानी बचाने की अपील-
आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि प्रत्येक घरेलू नल में टोंटी लगाकर रखें, पानी भरने के बाद नल तत्काल बंद करें और पानी को व्यर्थ न बहने दें। पानी की एक-एक बूंद कीमती है। सभी नागरिकों के सहयोग से ही शहर में जल संरक्षण और पानी की बर्बादी पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

Back to top button