धर्म-अध्यात्मस्वास्थ्य

संत आशाराम बापू के उपचार और सुविधाओं की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

श्री योग वेदांत सेवा समिति के नेतृत्व में साधकों ने उठाई आरोग्यम आयुर्वेदिक चिकित्सालय में भर्ती कराने और चिकित्सा अटेंडेंट उपलब्ध कराने की मांग

Share

 

देवास। श्री योग वेदांत सेवा समिति के तत्वावधान में महिला उत्थान मंडल एवं युवा सेवा संघ के सहयोग से संत आशाराम बापू के स्वास्थ्य और जेल में चिकित्सा सुविधाओं को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बापूजी को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने की मांग की गई। समिति के साधकों ने ज्ञापन में बताया कि संत आशाराम बापू गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्हें हृदय धमनी रोग, टाइप-2 डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, हाइपोथायराइड और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याएं हैं। पैरोल के दौरान 13 अक्टूबर 2026 को उन्हें गंभीर हृदयाघात हुआ था, जिसके बाद आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। 20 अक्टूबर को एट्रियल फिब्रिलेशन और 22 अक्टूबर को पोस्ट एमआई एंजाइना की समस्या भी सामने आई। चिकित्सकीय रिपोर्ट में विशेष सावधानी और निरंतर निगरानी की आवश्यकता बताई गई है।

ज्ञापन में कहा गया कि केंद्रीय कारागार जोधपुर में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं का अभाव है। जेल में प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ, कार्डियक मॉनिटरिंग और आपातकालीन उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं होने से उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है। साधकों ने मांग की कि उन्हें तत्काल आरोग्यम आयुर्वेदिक चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया जाए। साथ ही जेल में एक सेवक और चिकित्सकीय अटेंडेंट की सुविधा सहित आवश्यक मानवीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

समिति की महिला मंडल मीडिया प्रभारी आशा गोस्वामी ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है। इस अवसर पर देवास के बड़ी संख्या में साधक भाई-बहन उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सांसद को भी इस संबंध में ज्ञापन सौंपा जाएगा।

Back to top button