दीपावली की रात देवास में दो जगह लगी भीषण आग, 12 दमकलों ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू

देवास। दीपावली की खुशियों के बीच शहर में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। एक ओर अग्रवाल कोल्ड्रिंक्स के रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई, वहीं दूसरी ओर जनता बैंक चौराहे के पास स्थित एक पुराने मकान में भीषण आग भड़क उठी।

दोनों स्थानों पर आग की लपटें उठती देख अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब 10 से 12 दमकलों की मदद से आग बुझाने का मोर्चा संभाला।

रेस्टोरेंट में अचानक भड़की आग-
आग लगने की पहली घटना जवाहर चौक स्थित अग्रवाल कोल्ड्रिंक्स की है। यहां स्थित रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। इसकी लपटें दूर तक दिखाई दे रही थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जनता बैंक चौराहे के पास पुराने मकान में लगी भीषण आग-
इसी दौरान जनता बैंक चौराहे के पास स्थित लकड़ी से बने एक पुराने मकान में आग लगने की सूचना से पुलिस और दमकल विभाग भी अलर्ट हो गया। दमकल की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे-
दोनों घटनाओं में आग बुझाने के लिए करीब 10 से 12 दमकलों को मौके पर पहुंचना पड़ा। घटनास्थल पर सीएसपी, तीन थानों के थाना प्रभारी और पुलिस बल मौजूद रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही दोनों स्थानों पर आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।



