प्रशासनिक

देवास, टोंकखुर्द, सतवास एवं हाटपीपल्या में 15 प्रतिष्ठानों की जांच

12 हजार रुपए से अधिक का मावा-बर्फी जब्त, न्यू स्वदेशी स्वीट्स के संचालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज

Share

 

– कलेक्टर द्वारा गठित दलों ने अब तक 4 लाख 86 हजार से ज्यादा का 10.80 क्विंटल एनालॉग मावा एवं मिठाइयां कीं जब्त

देवास। दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम, घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर नियंत्रण लगाने तथा पैकेजिंग कमोडिटी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की गई है। जिसमें बार-बार प्रतिबंधित एनालॉग मावा उपयोग करने पर ‘न्यू स्वदेशी स्वीट्स एंड नमकीन’ देवास के संचालक अंकुर जैन के विरुद्ध नाहर दरवाजा थाने में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि 5 नवंबर को उक्त प्रतिष्ठान से 770 किलोग्राम एनालॉग मावा एवं उससे निर्मित मिठाइयां जब्त कर विनष्टीकरण कराया गया था। इससे पूर्व 26 अगस्त को भी अंकुर जैन के प्रतिष्ठान से लगभग 300 किलोग्राम एनालॉग मावा व मिठाइयां जब्त कर नष्ट कराई गई थीं। बार-बार प्रतिबंधित एनालॉग मावे से मिठाइयां बनाकर विक्रय करने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर द्वारा आरोपी अंकुर जैन के विरुद्ध थाना नाहर दरवाजा देवास में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 51, 52, 55 तथा बीएनएस (BNS)की धारा 274 व 275 के तहत एफआईआर कराई गई। वहीं कलेक्टर नेहा मीना द्वारा अनुभाग स्तर पर गठित जांच दलों ने पांच दिन में 38 प्रतिष्ठानों से कुल 78 सैंपल लिए। इसमें 4 लाख 86 हजार 500 रुपए मूल्य का 10.80 क्विंटल एनालॉग मावा एवं उससे निर्मित मिठाइयों तथा 30 लीटर दूध जब्त किया है।

शुक्रवार को खाद्य आपूर्ति विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के संयुक्त जांच दलों द्वारा देवास नगर, टोंकखुर्द, सतवास एवं हाटपीपल्या में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कार्रवाई की गई। जांच दलों ने देवास नगर के 6, सतवास और हाटपीपल्या के 4-4 और टोंकखुर्द के 1 समेत कुल 15 प्रतिष्ठानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान 3 प्रतिष्ठानों से कुल 25 किलो एनालॉग मावा तथा 1 प्रतिष्ठान से 5 किलो मावा बर्फी जब्त की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 12 हजार रुपए है।

देवास शहर में बालाजी स्वीट्स बस स्टैंड से मिल्क केक का नमूना लिया गया। शिवशक्ति मिल्क कॉर्नर, गुरु कृपा मावा भंडार एवं शिवशक्ति मावा भंडार में एनालॉग मावा पाए जाने पर शिवशक्ति मिल्क कॉर्नर व गुरु कृपा मावा भंडार से 10-10 किलो एवं शिवशक्ति मावा भंडार से 5 किलो मावा जब्त किया गया। गीताश्री स्वीट्स में एनालॉग मावा से निर्मित बर्फी पाए जाने पर 5 किलो मावा बर्फी जब्त की गई। जांच दल द्वारा महेश्वरी स्वीट्स जवाहर चौक से मावा बर्फी का नमूना भी लिया गया।

टोंकखुर्द स्थित राजस्थानी स्वीट्स एंड नमकीन से मावा एवं मिल्क केक के नमूने लिए गए। प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने पर 2 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसी प्रकार सतवास में 4 प्रतिष्ठानों से कुल 15 नमूने तथा हाटपीपल्या में 4 प्रतिष्ठानों से कुल 9 नमूने लिए गए। जांच दलों द्वारा लिए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।

Back to top button