अमलतास मेडिकल कॉलेज में ग्लव्स के सही चयन और उपयोग पर दिया प्रशिक्षण
संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुरक्षा पर केंद्रित रहा शैक्षणिक कार्यक्रम

देवास। अस्पतालों में संक्रमण के जोखिम को कम करने और मरीजों के साथ स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अमलतास मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ‘ग्लव सिलेक्शन और टेक्नोलॉजी’ विषय पर सूचना साझाकरण एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें मेडिकल ग्लव्स के सही चयन, गुणवत्ता मानकों और सुरक्षित उपयोग की तकनीकों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमलतास मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निदेशक (प्रशासन) डॉ. प्रशांत रहे। उन्होंने अपने संबोधन में संक्रमण नियंत्रण एवं सुरक्षित चिकित्सा प्रक्रियाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं ऑर्थोपेडिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत माहेश्वरी ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने से लेकर सफल आयोजन तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से कार्यक्रम को प्रभावी स्वरूप मिला।
कार्यक्रम में डॉक्टरों, नर्सिंग एवं ओटी स्टाफ को मेडिकल ग्लव्स के सही चयन, गुणवत्ता मानकों और सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। विशेष रूप से पाउडर वाले दस्तानों के संभावित दुष्प्रभावों एवं पाउडर-फ्री ग्लव्स के महत्व पर चर्चा की गई। इसके साथ ही ग्लव एलर्जी से बचाव, सिंथेटिक दस्तानों के विकल्प तथा ग्लव्स पहनने और उतारने की सही तकनीक (Donning एवं Doffing) का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में संक्रमण के जोखिम को कम करना, क्रॉस-कंटामिनेशन से बचाव तथा मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम युवा डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ के लिए विशेष रूप से ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी साबित हुआ।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रशांत, मुख्य आयोजक डॉ. पुनीत माहेश्वरी एवं अमलतास मेडिकल कॉलेज प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।



