आबकारी विभाग की दबिश, 2800 किलो महुआ लाहन जब्त

बरोठा और भीलाखेड़ा में सर्चिंग के दौरान 38 लीटर हाथ भट्टी शराब भी मिली, पांच प्रकरण दर्ज
देवास। जिले में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को बरोठा और भीलाखेड़ा में दबिश देकर विभाग की टीम ने 2800 किलोग्राम महुआ लाहन और 38 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की।

जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 2 लाख 87 हजार 600 रुपए बताया गया है। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए।
नाले और झाड़ियों में भी की सर्चिंग-
कलेक्टर के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त राकेश कुमार कुर्मी के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय और परिवहन के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को सहायक आबकारी आयुक्त द्वारा गठित दलों ने बरोठा में दबिश दी। आसपास के नाले और झाड़ियों में भी सर्चिंग की गई। इसके अलावा ग्राम भीलाखेड़ा में संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली गई। इस दौरान 38 लीटर हाथ भट्टी मदिरा और 2800 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद हुआ।
पांच प्रकरण दर्ज, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई-
आबकारी विभाग ने जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 2,87,600 रुपए आंका है। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत पांच प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। विभाग के अनुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

आबकारी दल रहा शामिल-
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप कनासे, महेश पटेल, आबकारी उप निरीक्षक प्रेम यादव, गोकुल प्रसाद मेघवाल, रोहित मुकाती, योगेंद्र सिंह ठाकुर, अरविंद सोलंकी, दीपक धुरिया और राजाराम रैकवार, आबकारी मुख्य आरक्षक बालकृष्ण जायसवाल, सुरेंद्र वरसी, अरविंद जिनवाल, दीपक तटवाड़े, आबकारी आरक्षक निहाल खत्री, आशीष गुप्ता, सनत ओझा, निकिता परमार, सविता धाकड़ तथा नगर सैनिक किशोर सिसोदिया भी कार्रवाई में शामिल रहे।




