शिक्षा

सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों को बांटी स्टेशनरी, पढ़ाई के लिए किया प्रेरित

नेमावर के शासकीय उमावि में हुआ आयोजन

Share

 

नेमावर। विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी पढ़ाई में सहयोग देने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (HSS) नेमावर में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क स्टेशनरी सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति लगन और मेहनत से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार संतोष शर्मा, एल्डरमैन अनिल भदौरिया, शशि पांचाल और सुनील जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र हथेल ने की। आयोजन की विस्तृत रूपरेखा गुलाबसिंह तंवर और दिनेश वर्मा ने तैयार की।

शिक्षा से ही संवरेगा विद्यार्थियों का भविष्य-
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और शिक्षा को जीवन में सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। वरिष्ठ पत्रकार संतोष शर्मा ने विद्यार्थियों से पूरी लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने तथा भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

एल्डरमैन अनिल भदौरिया और प्राचार्य राजेंद्र हथेल ने सेवा संकल्प अभियान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने जैसे प्रयास उनकी पढ़ाई में सहयोगी बनते हैं। समाज की सहभागिता से ऐसे सेवा कार्य बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

स्टेशनरी पाकर विद्यार्थियों में दिखा उत्साह-
अभियान के तहत विद्यार्थियों को बॉक्स, पेन, पेंसिल और कॉपियों सहित आवश्यक स्टेशनरी सामग्री निःशुल्क वितरित की गई। सामग्री मिलने से छात्र-छात्राओं में उत्साह दिखाई दिया। विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने आयोजन में शामिल सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

Back to top button