नेमावर घाट पर स्वच्छता अभियान, 40 पोटली कचरा एकत्र किया
शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

नेमावर (संतोष शर्मा)। मां नर्मदा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत रविवार को शिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की टीम ने नाभितीर्थ नेमावर घाट पर श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। टीम ने घाट परिसर की सफाई कर लगभग 40 पोटली कचरा एकत्र किया।
शनि अमावस्या एवं सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या के अवसर पर नेमावर के सिद्धनाथ, रिद्धनाथ सहित प्रमुख घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजन के लिए पहुंचे थे। पर्व के बाद घाटों पर पूजन सामग्री, प्लास्टिक, पुराने कपड़े, जूते-चप्पल सहित अन्य कचरा जमा हो गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों को विगत दो-तीन माह से वेतन नियमित नहीं मिल पाने के कारण वे हड़ताल पर है। वैकल्पिक व्यवस्था कर नगर परिषद ने सफाई कराई। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी आगे आकर श्रमदान किया। नगर पंचायत एवं प्रशासन ने भी सफाई और सुरक्षा के लिए प्रयास किए।
अभियान में शामिल सदस्यों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मां नर्मदा में प्लास्टिक, पूजन सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट न डालें और घाटों पर पुराने कपड़े, जूते-चप्पल छोड़कर न जाएं।
उन्होंने कहा कि मां नर्मदा की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान में मनोज उपाध्याय, सदानंद जाट, सुरेश नागले, संतोष जाट, दिनेश राठौर, योगेश मालवीय, दिनेश बोयनिया, शिव पवार, शुभम जाट, अनिल विश्वकर्मा, मोनू राजपूत, सचिन कुड़िया, धनराज कचनारिया एवं रणदीप गुर्जर शामिल रहे।




