राजनीति

नवरात्रि में माता टेकरी क्षेत्र को शराब-मांस मुक्त रखने की मांग, इटावा मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक की मांग

शिवसेना–युवासेना ने डिप्टी कलेक्टर को सौंपा आवेदन, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर रखीं मांगें

Share

 

देवास। नवरात्रि पर्व के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता टेकरी पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए शिवसेना–युवासेना ने नवरात्रि के नौ दिनों तक माता टेकरी क्षेत्र एवं आसपास शराब तथा मांस-मटन की दुकानों का संचालन बंद रखने की मांग की है।

साथ ही इटावा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण उत्पन्न यातायात समस्या को देखते हुए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने एवं यातायात को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट करने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।

इस संबंध में युवा शिवसेना के राज्य महासचिव एवं देवास जिला अध्यक्ष सुनील वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी कलेक्टर संजीव सक्सेना से मुलाकात कर आवेदन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि नवरात्रि के दौरान हजारों श्रद्धालु पैदल एवं नंगे पैर माता टेकरी पहुंचते हैं। ऐसे में टेकरी क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बनाए रखने के लिए नवरात्रि अवधि में शराब एवं मांस-मटन की दुकानों को बंद रखा जाना चाहिए। साथ ही क्षेत्र में प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

अवैध रूप से फूल माला बेचने वाले दुकानदार श्रद्धालुओं से करते अभद्र व्यवहार वाहनों की अवैध रूप से पार्किंग लगते हैं इस पर भी प्रतिबंध लगाने की मांग की है

भारी वाहनों के डायवर्जन की मांग-
प्रतिनिधि मंडल ने इटावा क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के कारण रोजाना बन रही जाम की स्थिति का मुद्दा भी उठाया। शिवसेना ने बताया कि मार्ग सीमित होने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। नवरात्रि में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से इस मार्ग पर यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए नवरात्रि के दौरान इटावा मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश रोककर उन्हें वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट करने, छोटे वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की गई। साथ ही इटावा से आरके होटल होते हुए ब्रिज तक नवरात्रि समाप्त होने तक नई खुदाई का कार्य रोकने तथा जहां पूर्व में खुदाई हो चुकी है, वहां लंबित निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर मार्ग को सुरक्षित एवं यातायात योग्य बनाने की मांग रखी गई।

शिवसेना–युवासेना ने प्रशासन से नवरात्रि प्रारंभ होने से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि माता टेकरी आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण के साथ सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर शिवसेना वरिष्ठ नेता श्रवणसिंह बैस, जिला प्रभारी विजय जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष लखन टिपानिया, जिला महासचिव नितिन पटेल, जिला महामंत्री रत्नेश गुप्ता, नगर अध्यक्ष शिवम चतुर्वेदी, सरवन सिंह राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Back to top button