दुर्गा उत्सव से पहले देवास में सख्ती, POP की मूर्तियों पर पूरी तरह प्रतिबंध
मिट्टी की मूर्तियों को ही अनुमति, रासायनिक-सिंथेटिक रंग और थर्माकोल भी प्रतिबंधित; कलेक्टर ने औचक निरीक्षण के दिए निर्देश

देवास। दुर्गा उत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण के लिए इस बार नियमों को लेकर सख्त रुख अपनाया है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ऋतुराज सिंह ने जिले में प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) की मूर्तियों के निर्माण, बिक्री, परिवहन और स्थापना पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश जारी किए हैं। उत्सव के दौरान मूर्तियों से लेकर पंडाल और विसर्जन व्यवस्था तक पर्यावरण अनुकूल नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की गाइडलाइन अनुसार जिले में मूर्तियों का निर्माण केवल प्राकृतिक, विषाक्तहीन एवं जैव-निम्नीकरण योग्य पारंपरिक चिकनी मिट्टी से ही किया जा सकेगा। मूर्तियों पर रासायनिक डाई, ऑयल पेंट, ईनेमल या सिंथेटिक रंगों का उपयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा और इनके स्थान पर हल्दी, चंदन, गेरुआ व प्राकृतिक जल-आधारित रंगों का उपयोग अनिवार्य होगा। मूर्तियों की साज-सज्जा और पंडालों में थर्माकोल एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
स्थानीय नगरीय निकायों में पंजीकृत व अनुमत शिल्पकारों को ही मूर्तियां बनाने की पात्रता होगी, जिसके लिए सुरक्षा निधि जमा कराई जाएगी और नियमों की अवहेलना पर इसे राजसात कर लिया जाएगा। बाहर के जिलों से पीओपी अथवा अत्यधिक बड़ी मूर्तियां लाकर नगर निगम सीमा में बेचना या पाण्डालों में स्थापित करना भी पूर्णतः वर्जित रहेगा।
एसडीएम देवास को दल गठित कर मूर्तिकारों के भण्डारण का त्वरित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। समितियों को केवल पंजीकृत मूर्तिकारों से ही पर्यावरण अनुकूल कम ऊंचाई वाली मूर्तियां लेने और प्रसाद वितरण में केवल पत्तल-दोने व जैव-अपघटनीय बर्तनों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम देवास सहित सभी निकायों को चयनित स्थलों जैसे कालूखेड़ी तालाब आदि पर अभेद्य लाइनर युक्त कृत्रिम कुंड तैयार करने तथा विसर्जन के 24 घंटे के भीतर अपशिष्ट का सुरक्षित निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहार व दशहरे से पूर्व जलस्रोतों का गहरीकरण भी कराया जाएगा। प्रावधानों का उल्लंघन करने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त दण्डात्मक विधिक कार्रवाई की जाएगी।




