शटर उचकाकर ज्वेलरी दुकान में घुसे 4 बदमाश, चांदी के जेवर ले उड़े
- शोर मचाने पर भागे बदमाश, CCTV में कैद हुए संदिग्ध

बरोठा (अमर चौधरी)। नगर के रामदेवजी चौक मार्ग पर गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक ज्वेलरी दुकान में चार अज्ञात बदमाशों ने धावा बोल दिया।
बदमाश शटर उचकाकर दुकान में दाखिल हुए और करीब 20 से 30 मिनट तक चांदी के जेवरात व मरम्मत के लिए आई पुरानी ज्वेलरी पर हाथ साफ किया। चोरी की जानकारी लगने पर परिवार द्वारा शोर मचाने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार राजेश पिता छगनलाल सोनी की रामदेवजी चौक मार्ग पर ज्वेलरी की दुकान है। राजेश ने बताया कि रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच घर में सोते समय दुकान की ओर से शटर बजने की आवाज सुनाई दी। देखने पर बदमाशों ने दुकान से घर की ओर आने वाले दरवाजे को बाहर से लॉक कर दिया, जिससे परिवार के लोग अंदर ही रह गए।
चांदी के जेवर और मरम्मत की ज्वेलरी ले गए-
राजेश के अनुसार बदमाश दुकान से चांदी की बिछुड़ी, चांदी की चेन, चांदी की चूड़ियां, बच्चों के हाथ के कड़े सहित मरम्मत के लिए आई पुरानी चांदी की वस्तुएं ले गए। उनके मुताबिक चोरी गए सामान की कीमत करीब 1.50 से 2 लाख रुपए के बीच है। बदमाश करीब 20 से 30 मिनट तक दुकान में रहे।
परिवार द्वारा मोहल्ले में शोर मचाने पर बदमाश वहां से भाग निकले। घटना की सूचना रात में ही डायल-112 पर दी गई। इसके बाद शुक्रवार को बरोठा थाने में चोरी को लेकर आवेदन दिया गया।
CCTV में कैद हुए चार संदिग्ध-
घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में चार बदमाश दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि चारों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। फुटेज में चारों एक ही मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस द्वारा CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। इधर क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों और व्यापारियों में चिंता बनी हुई है।




