महाराष्ट्र से इंदौर भेजी 42 टन शकर रास्ते में गायब, देवास पुलिस ने कानपुर तक खोज निकाला गिरोह
नंबर प्लेट बदलकर ट्रक की पहचान छिपाई, 21.9 टन शकर और 4 लाख रुपए बरामद; अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार

देवास। महाराष्ट्र से इंदौर के लिए भेजी गई करीब 42 टन शकर के रास्ते में गायब होने के मामले का देवास पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 840 बोरियों में भेजी गई करीब 18.32 लाख रुपए कीमत की शकर निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंची।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ट्रक की नंबर प्लेट बदलकर उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की। सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा रिकॉर्ड और साइबर तकनीक की मदद से पुलिस महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश होते हुए उत्तरप्रदेश के कानपुर तक पहुंची और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 438 बोरी यानी 21.9 टन शकर, तीन वाहन, फर्जी नंबर प्लेट और 4 लाख रुपए नगद बरामद किए हैं।
फरियादी द्वारा 30 जुलाई को बारामती एग्रो प्राइवेट लिमिटेड, महाराष्ट्र से इंदौर के पाल्दा स्थित गोडाउन के लिए 840 बोरी (42 टन) शकर कीमत लगभग 18.32 लाख ट्रक क्रमांक यूपी 53 ईटी 6084 से भेजी गई थी। निर्धारित गंतव्य पर वाहन एवं शकर नहीं पहुंचने तथा चालक का मोबाइल बंद मिलने पर थाना औद्योगिक क्षेत्र देवास में विभिन्न धराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
एसपी देवास पुनीत गेहलोद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह वर्धमान एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने विभिन्न सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा रिकॉर्ड एवं साइबर तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि मूल वाहन पाल नगर टोल से गुजरने के बाद आगे यूपी 58 टी 9506 नंबर प्लेट के साथ दिखाई दिया। नंबर प्लेट बदलकर वाहन की वास्तविक पहचान छिपाने से गिरोह की सुनियोजित कार्यप्रणाली का खुलासा हुआ। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम की जांच महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश होते हुए उत्तरप्रदेश के कानपुर तक पहुंची। पुलिस द्वारा कानपुर में दबिश देकर 3 आरोपी गिरफ्तार।

12 अगस्त को कानपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अनुज सिंह उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम कोटड़ा जिला जालौन उप्र, गोविंद औमर उम्र 34 वर्ष निवासी मुसानगर, कानपुर देहात उप्र, विशाल साहू, उम्र 19 वर्ष निवासी मुसानगर कानपुर देहात उप्र को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से 438 बोरी शकर (21.9 टन) बरामद की गई। पूछताछ के आधार पर 4 लाख नगद भी बरामद किए गए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
विवेचना के दौरान उपेन्द्र भदौरिया निवासी ग्राम कुढ़वा गजनेर कानपुर उत्तरप्रदेश की भूमिका मुख्य सरगना के रूप में सामने आई है। इसके अतिरिक्त गौरव सिंह, मोहित सिंह एवं अभय सिंह की भूमिका एवं प्रकरण में संलिप्तता के संबंध में भी विवेचना की जा रही है।
सराहनीय योगदान- कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, उपनिरीक्षक गौरव नगावत, सहायक उप निरीक्षक हितेंद्र चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक सुरेश धाकड़, आरक्षक अर्पित जायसवाल एवं साइबर सेल देवास की सराहनीय भूमिका रही।
ये भी पढ़ें: देवास में दिनदहाड़े हुई लूट का खुलासा, पुलिस ने 1500 किमी तक पीछा कर दबोचे आरोपी




