80वें स्वतंत्रता दिवस पर एनसीसी बटालियन ने जीता परेड अवॉर्ड

देवास। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में शासकीय श्री नारायण विद्या मंदिर क्रमांक-1 की नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) बटालियन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए परेड में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी का माहौल रहा। बटालियन के सभी कैडेट्स एवं कमांडर का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिलेभर से शामिल दलों ने अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ परेड में हिस्सा लिया। श्री नारायण विद्या मंदिर क्रमांक-1 की एनसीसी बटालियन ने भी शानदार मार्चिंग और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई। निर्णायकों द्वारा प्रदर्शन के आधार पर बटालियन को जिले में द्वितीय स्थान प्रदान किया गया।

पुरस्कार मिलने के बाद विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में एनसीसी बटालियन के सभी कैडेट्स और कमांडर को सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने कैडेट्स को उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के लिए बधाई दी।
शिक्षक सहज सरकार ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित होती है। परेड में प्राप्त यह पुरस्कार कैडेट्स की नियमित तैयारी और टीम भावना का परिणाम है।




