देवास में बारिश का दौर जारी, सुबह भी बरसे बादल
रविवार रात से रुक-रुककर बारिश, मौसम हुआ सुहावना; जिले में अब तक सामान्य से अधिक बारिश

देवास। जिले में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। रविवार रात से शुरू हुई बारिश सोमवार को दिनभर रुक-रुककर जारी रही। सोमवार सुबह कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हुई, जबकि इसके बाद भी रुक-रुककर बारिश का क्रम बना रहा।
मंगलवार सुबह भी जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई। आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने से मौसम में ठंडक घुली हुई है।
ये भी पढ़ें: 12 दिनों बाद हुई झमाझम बारिश से सोयाबीन फसल को फायदा, मुख्य मार्गों पर जलभराव से ग्रामीण परेशान
पिछले कुछ दिनों से बारिश थमने के बाद उमस और गर्मी महसूस की जा रही थी, लेकिन रविवार रात से मौसम ने फिर करवट ली। रात में शुरू हुई बारिश के बाद सोमवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश दर्ज की गई। मंगलवार सुबह भी बारिश हुई।
लगातार हो रही बारिश से खेतों में खड़ी खरीफ फसलों को भी फायदा पहुंचने की उम्मीद है। विशेष रूप से सोयाबीन सहित अन्य खरीफ फसलों के लिए इस समय पर्याप्त नमी महत्वपूर्ण है। हालांकि जिन क्षेत्रों में पहले से अधिक बारिश हो चुकी है, वहां लगातार बारिश होने पर खेतों में पानी जमा होने की स्थिति भी बन सकती है।
ये भी पढ़ें: क्या धरती के नीचे विशाल समुद्र मौजूद हैं? जानिए विज्ञान ने क्या खोजा
शहरी क्षेत्रों में रुक-रुककर हुई बारिश के कारण गड्ढों से युक्त सड़कों पर पानी जमा होने के साथ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। बारिश के कारण आवाजाही पर भी असर पड़ा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और किसान मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
खतेगांव में सबसे अधिक 1036 मिमी बारिश
जिले में 1 जून से 11 अगस्त 2026 तक कुल 5564 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। जिले की औसत बारिश 618.22 मिमी है। यानी मानसून सीजन में अब तक जिले में औसत के मुकाबले अच्छी बारिश हुई है। जिले की वार्षिक औसत बारिश 1067.08 मिमी है।
तहसीलवार आंकड़ों में खतेगांव सबसे आगे है, जहां 1036 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। इसके बाद हाटपीपल्या में 629 मिमी, सोनकच्छ में 605 मिमी, बागली में 603 मिमी, सतवास में 593 मिमी, उदयनगर में 590 मिमी, टोंकखुर्द में 548 मिमी, कन्नौद में 514 मिमी और देवास में 446 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें: समुद्र का पानी खारा क्यों होता है? क्या कभी मीठा था समुद्र? जानिए इसके पीछे का वैज्ञानिक रहस्य
मंगलवार को जारी दैनिक वर्षा आंकड़ों के अनुसार जिले में 24 घंटे में कुल 269 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसमें सबसे अधिक हाटपीपल्या में 39 मिमी, बागली में 37 मिमी, सोनकच्छ और खतेगांव में 35-35 मिमी तथा टोंकखुर्द में 34 मिमी बारिश दर्ज की गई। देवास में 26 मिमी, कन्नौद में 22 मिमी, सतवास में 21 मिमी और उदयनगर में 20 मिमी बारिश दर्ज हुई।
पिछले वर्ष की तुलना में भी जिले में इस बार बारिश अधिक है। पिछले साल इस अवधि तक जिले में औसत 431.17 मिमी बारिश दर्ज हुई थी, जबकि इस वर्ष इसी अवधि तक कुल 618.22 मिमी बारिश हो चुकी है।
ये भी पढ़ें: बारिश में क्या खाएं और क्या नहीं? खानपान की छोटी गलती भी बिगाड़ सकती है सेहत




