
देवास। जिले में पेट्रोलियम उत्पादों (मोटर स्पिरिट और हाई स्पीड डीजल) में मिलावट तथा उसकी अवैध बिक्री की रोकथाम के लिए कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने जांच दल का गठन किया है।
जांच दल में संबंधित अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व/तहसीलदार, संबंधित अनुभाग के सहायक आपूर्ति अधिकारी, नापतौल निरीक्षक और सेल्स आफिसर आईओसी, एचपीसी, बीपीसी, ईएसएसएआर, रिलायंस को शामिल किया गया है। यह दल जिले में पेट्रोलियम उत्पादों की शुद्धता सुनिश्चित करने और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए काम करेगा।
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए है कि दल द्वारा अपने प्रभार क्षेत्र अंतर्गत पेट्रोल पम्पों की नियमित रूप से जांच की जाए। किसी भी पेट्रोल पंप पर अनियमितता या मिलावट पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई की जाए एवं जांच प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित किया जाए।




