सिरोल्या क्षेत्र में सोयाबीन फसल 15 दिनों की हुई, खरपतवार नियंत्रण के लिए खेतों में किसान छिड़क रहे खरपतवार नाशक
मौसम साफ होते ही शुरू हुआ चारामार दवाई छिड़कने का काम

सिरोल्या (अमर चौधरी)। सिरोल्या एवं आसपास के क्षेत्र में अच्छी बारिश के बाद अब मौसम साफ हो गया है एवं सोयाबीन की फसल 15 दिनों की होने पर खेतों में लहलहाने लगी है। सभी ओर हरियाली छा गई है।
इसके साथ ही खेतों में विभिन्न प्रकार का खरपतवार भी तेजी से उगने लग गया है। फसल की अच्छी बढ़वार हो एवं उत्पादन की मात्रा बढ़ाने के लिए किसानों द्वारा खरपतवार नाशक दवाइयों का छिड़काव शुरू कर दिया है। सिरोल्या के साथ ही बांगरदा, कैलोद, सुतारखेड़ा, भीलाखेड़ा, खतेडिया, हापाखेड़ा, नापाखेड़ी आदि गांवों के किसान कोई हाथ पम्प से तो कोई ट्रैक्टर के पम्प से दवाई छिड़क रहा है।
सिरोल्या के किसान राकेश खिरनी, संजय बाबा, हरिनारायण चौधरी, विक्रम चौधरी, ईश्वर चकाचक, विष्णु चौधरी, भगवानलाल बागवान आदि ने बताया कि समय पर खरपतवार नाशक का छिड़काव होने से खरपतरवार नियंत्रित हो जाता है। जिससे फसल में नमी, अनेक तरह के पोषक तत्व मिलना शुरू हो जाते हैं। धूप निकलने पर फसल की बढ़वार भी शुरू हो जाती है। अगर आगामी दिनों में भी ऐसा ही मौसम रहा तो खरपतवार निकालने के लिए बैल डोरे या ट्रैक्टर डोरे का भी उपयोग किसानों द्वारा शुरू किया जाएगा।




