मानसून अपडेट: देवास जिले में अब तक पिछले साल से दोगुनी बारिश, खातेगांव में 21 इंच से ज्यादा

देवास। जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। गुरुवार को दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। इस दौरान जिले में औसतन 41.22 मिमी (1.62 इंच) वर्षा दर्ज की गई, जबकि जिले के सभी वर्षामापन केंद्रों पर कुल 371 मिमी (14.61 इंच) बारिश रिकॉर्ड हुई।
सबसे अधिक वर्षा खातेगांव तहसील में 120 मिमी (4.72 इंच) दर्ज की गई। इसके बाद बागली में 53 मिमी (2.09 इंच), देवास में 41 मिमी (1.61 इंच), उदयनगर में 40 मिमी (1.57 इंच), सोनकच्छ व हाटपीपल्या में 34-34 मिमी (1.34-1.34 इंच), कन्नौद में 20 मिमी (0.79 इंच), सतवास में 16 मिमी (0.63 इंच) तथा टोंकखुर्द में 13 मिमी (0.51 इंच) वर्षा दर्ज की गई।
अब तक सामान्य से अधिक बारिश
1 जून से 3 जुलाई 2026 तक जिले में औसतन 306.67 मिमी (12.07 इंच) वर्षा हो चुकी है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में केवल 150.44 मिमी (5.92 इंच) बारिश दर्ज हुई थी। यानी इस बार अब तक लगभग दोगुनी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
तहसीलवार संचयी वर्षा में खातेगांव 540 मिमी (21.26 इंच) के साथ सबसे आगे है। इसके बाद उदयनगर 330 मिमी (12.99 इंच), सोनकच्छ 323 मिमी (12.72 इंच), टोंकखुर्द 309 मिमी (12.17 इंच), बागली 280 मिमी (11.02 इंच), सतवास 273 मिमी (10.75 इंच), हाटपीपल्या 250 मिमी (9.84 इंच), कन्नौद 242 मिमी (9.53 इंच) तथा देवास 213 मिमी (8.39 इंच) वर्षा दर्ज की गई है।
खेती के लिए राहत, नदियों-नालों में बढ़ा जलस्तर
लगातार हो रही बारिश से खरीफ फसलों, विशेषकर सोयाबीन, मक्का और अन्य फसलों को अच्छा लाभ मिलने की उम्मीद है। कई क्षेत्रों में खेतों में पर्याप्त नमी पहुंच गई है, वहीं छोटे नदी-नालों और जलाशयों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है।
मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी गतिविधियां बनी हुई हैं। जिले में अगले 24 घंटे के दौरान भी बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है। लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले नालों से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।





