29 वर्षों से सेवा के साथ मना रहे हैं अपने नेता का जन्मदिन, दिनेश सांखला ने बुजुर्गों के बीच बांटी खुशियां

देवास। भाजपा जिला मीडिया सह-प्रभारी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव के निज सहायक दिनेश सांखला पिछले 29 वर्षों से अपने नेता का जन्मदिन सेवा और सामाजिक सरोकारों के साथ मना रहे हैं।
इस वर्ष भी उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ वृद्धाश्रम में बुजुर्गों का सम्मान किया, भोजन प्रसादी वितरित की, पौधरोपण किया, गौसेवा की। राहगीरों को पौधे भी वितरित किए।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सेंधव के जन्मदिन पर सुबह कार्यकर्ता और समर्थक उनके गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां सभी ने मिठाई बांटकर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद दिनेश सांखला के नेतृत्व में कार्यकर्ता वृद्धाश्रम पहुंचे। यहां बुजुर्गों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए, उनका सम्मान किया गया तथा बुजुर्गों ने केक काटकर डॉ. सेंधव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

वृद्धाश्रम के कार्यक्रम के बाद दिनेश सांखला एवं कार्यकर्ता सयाजी द्वार पहुंचे, जहां राहगीरों को करीब 1500 पौधे वितरित किए गए। इसके बाद मिल रोड स्थित प्राचीन भोलेनाथ मंदिर परिसर की गौशाला में पहुंचकर गौपूजन किया गया और गौमाताओं को हरा चारा खिलाया गया।
सेवा ही सबसे बड़ा सम्मान
दिनेश सांखला ने कहा कि उनके लिए अपने नेता डॉ. सेंधव का जन्मदिन केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज सेवा का अवसर है। इसी भावना के साथ वे पिछले 29 वर्षों से हर वर्ष जन्मदिन पर सेवा और जनहित के कार्य करते आ रहे हैं।




