सवा दो माह में बिजली चोरी, अनियमितता के 7600 से अधिक प्रकरण बनाए

– बिजली कंपनी ने की नियमानुसार उपयोग कर जुर्माने से बचने की अपील
इंदौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर बिजली कनेक्शनों की जांच, चोरी पकड़ने एवं गलत उपयोग को लेकर कार्रवाई की जा रही है।
जारी वित्तीय वर्ष में करीब सवा दो माह के दौरान 7600 से अधिक स्थानों पर चोरी, उपयोग के दौरान अनियमतताएं मिलने पर पंचनामें बनाकर राशि वसूलने की कार्रवाई प्रारंभ की गई है।
कंपनी के मुख्य सतर्कता अधिकारी एसआर बमनके ने बताया कि कंपनी द्वारा समय समय पर नियमानुसार कनेक्शन लेने, जिस कार्य/प्रयोजन के लिए कनेक्शन लिया है, उसी के हिसाब से उपयोग करने का आह्वान किया जाता है। इसके बाद भी लापरवाही, अनियमितता, चोरी करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
श्री बमनके ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अप्रैल, मई व जून के एक सप्ताह के दौरान 7600 से ज्यादा पंचनामें विजिलेंस शाखा व मैदानी अमले द्वारा बनाए गए हैं। अब तक बिल राशि, जुर्माना इत्यादि को लेकर साढ़े सात करोड़ से ज्यादा की राशि वसूली जा चुकी हैं।
श्री बमनके ने बताया कि प्रकरणों की संख्या एवं वसूली गई राशि दोनों ही गत वर्ष समान अवधि की तुलना में क्रमशः 29% एवम् करीब 12% अधिक हैं।
श्री बमनके ने बिजली का अनाधिकृत उपयोग नहीं करने, जिस प्रयोजन के लिए बिजली कनेक्शन लिया है, उसी कार्य में बिजली उपयोग करने, स्वीकृत भार उपयोग के हिसाब से मंजूर कराने की अपील की है, ताकि नियमानुसार उपयोग की स्थिति बने एवं अप्रिय स्थिति की नौबत नहीं आए।




