भौंरासा टोल के पास चलती बस में लगी भीषण आग

कुछ ही मिनटों में बस बनी आग का गोला, दूर-दूर तक नजर आया धुआं
देवास। मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया जब भोपाल-इंदौर रोड स्थित भौंरासा टोल के पास चलती यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। रीवा से गुजरात के सूरत जा रही इस बस में करीब 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई, लेकिन समय पर आग की जानकारी होने पर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि यात्रियों का सामान बस के साथ जलकर खाक हो गया।
अचानक उठा धुआं, फिर भड़क उठीं लपटें-
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस के पीछे की ओर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। इसी दौरान पास से गुजर रहे एक बाइक सवार ने बस चालक को आग लगने की सूचना दी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और बिना देर किए सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया।
नेवरी फाटा में हाल ही में एक और आग की घटना सामने आई थी, जिसमें 4 झोपड़ियां जलकर खाक हो गई थीं 👉 नेवरी फाटा में भीषण आग: 4 झोपड़ियां जलकर खाक पूरी खबर पढ़ें
डीजल टैंक में आग की आशंका!
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले बस के डीजल टैंक में लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। कुछ लोग ही अपने बैग बचा पाए, जबकि अधिकांश का सामान जलकर राख हो गया।
मची अफरा-तफरी, दूर तक दिखा धुआं-
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग इधर-उधर भागते नजर आए। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया था। पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया, भीड़ को दूर रखा और बचाव कार्य में सहयोग किया। आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
फायर ब्रिगेड पहुंची-
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग पर काबू पाने तक बस सिर्फ ढांचा बनकर रह गई।
वीडियो में कैद हुई भयावहता-
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने आग के वीडियो भी बनाए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में आग की भयावहता साफ देखी जा सकती है।
गनीमत रही—कोई जनहानि नहीं
इस पूरे हादसे में सबसे राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों ने बताया कि ड्राइवर को आग की जानकारी देने के बाद भी वह आधा किमी दूर बस ले गया और सड़क किनारे गाड़ी खड़ी का भाग गया। इधर यात्री जैसे-तैसे बाहर निकले। इस अफरा तफरी में एक महिला बेहोश हो गई, जिसे भी लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला।




