नमी एवं मिट्टी का हवाला देकर गेहूं खरीदने से इंकार किया तो नाराज किसानों ने देवास-बरोठा मुख्य मार्ग जाम किया

सिरोल्या (अमर चौधरी)। सिरोल्या के जनक वेयर हाऊस के खरीदी केंद्र क्रमांक 1 पर शुक्रवार को किसान सांवरिया पटेल का सहकारी समिति के कर्मचारियों ने मिट्टी बताकर गेहूं तुलाई से मना करने पर दो दिन से लाइन में लगे किसान ने देवास-बरोठा मुख्य मार्ग पर हंगामा खड़ा कर दिया।
किसान सांवरिया पटेल के साथ बड़ी संख्या में किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने मार्ग पर बैठकर प्रदर्शन किया। दो घंटे चले प्रदर्शन में किसानों ने नारेबाजी करते हुए सरकार को घेरा। युवा किसान संगठन के अध्यक्ष रविन्द्र चौधरी, कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष राकेश खिरनी, पूर्व सरपंच राकेश मंडलोई, किसान अजय पटेल, प्रतीक चौधरी, सहित किसानों ने कहा कि गेहूं की फसल का मंडियों में भाव नहीं मिल रहा है वहीं खरीदी केंद्रों पर गेहूं में नमी एवं मिट्टी का हवाला देकर गेहूं को कैंसिल किया जा रहा है। साथ ही हम्मालों द्वारा भी अवैध वसूली की जा रही है।

इस समय खरीदी केंद्रों पर किसान दो-दो दिन तक लाइन में लगकर गेहूं बेचने लिए मशक्कत कर रहा है। ऐसे में वाहन का भाड़ा तो लगता ही है बेवजह किसान परेशान भी हो रहा है। किसान शेखर चौधरी ने कहा कि खरीदी केंद्र से ज्यादा गोदाम मालिक गेहूं को खराब बताकर कह रहे हैं कि हमारे वेयर हाऊस पर अगली बार ऐसा गेहूं मत लाइयेगा।
इधर बढ़ते प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाइश दी एवं कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जो भी दोषी है उस पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खरीदी केंद्रों पर कर्मचारियों एवं गोदाम संचालकों से भी सामंजस्य बैठाया एवं खरीदी शुरू करवाई। किसानों को परेशान करने एवं अनियमितता बरतने पर अधिकारियों ने खरीदी केंद्रों के संचालकों को फटकार भी लगाई।
क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर बड़ी खबर, विस्तार से पढ़ें – नापाखेड़ी में 5.40 करोड़ की पुलिया व टीन शेड निर्माण का भूमिपूजन https://newsoneclick.com/?p=44686
एसडीएम अभिषेक शर्मा ने खरीदी केंद्र पर पटवारी रामप्रसाद मालवीय की ड्यूटी लगाई है। तहसीलदार दीपिका पाऊ, जिला आपूर्ति अधिकारी दिनेशकुमार अहिरवार, बीएस राय, बरोठा टीआई सविता जाटव, पटवारी रामप्रसाद मालवीय ने किसानों को समझाइश देकर मामला शांत करवाया।




