काकड़दा में गूंज रही राम कथा, अच्छे चित्र-अच्छे मित्र से सशक्त चरित्र का दिया संदेश

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। ग्राम काकड़दा में संस्था प्रह्लाद श्री एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से रुद्र यज्ञ, श्री खाटूश्याम शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा एवं श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है।
कथा वाचक श्री राम जाने महाराज (ताजपुर) श्रद्धालुओं को श्री राम कथा का रसपान करा रहे हैं। वहीं यज्ञ आचार्य पं. विजय द्विवेदी (ग्राम अरलावदा) द्वारा विधि-विधान से यज्ञ सम्पन्न कराया जा रहा है। आयोजन में श्रीश्री 1008 चंद्रदत्त पुरी महाराज का सान्निध्य भी प्राप्त हो रहा है।
कथा के दौरान महाराज श्री ने कहा कि व्यक्ति को घर में अच्छे चित्र और बाहर अच्छे मित्र रखने चाहिए, क्योंकि संगति ही चरित्र निर्माण का आधार होती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे फैशन, व्यसन और फिजूल खर्चों से दूर रहें तथा माता-पिता एवं बुजुर्गों का सम्मान करें।

19 अप्रैल को कलश यात्रा निकाली गई एवं स्व. पं. प्रह्लादसिंह नागर स्मृति द्वार का लोकार्पण किया गया। प्रतिदिन दोपहर 12 से 3 बजे तक राम कथा का आयोजन हो रहा है। 23 अप्रैल को शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति, महाआरती एवं भंडारा प्रसादी का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल सिकरवार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत, जिला पंचायत सदस्य महेंद्रसिंह तालोद, अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष विजय परमार, पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष जीवन सिंह ठाकुर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश इनानी, नागेंद्रसिंह राजपूत, मनोहरसिंह कराड़ा, संतोष गोस्वामी, मनोज जोशी, ओम पटेल, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष जितेन सिंह धाकड़, उमेश पटेल एवं कुंदन ठाकुर सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।
महाराज श्री ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों से घरों की छत एवं बालकनी में पक्षियों के लिए पानी रखने की अपील भी की। आयोजन में डॉ. रूपसिंह नागर (अध्यक्ष) एवं सुमेरसिंह नागर (संयुक्त सचिव) सहित समस्त ग्रामवासी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।




