राजनीति

पीठा रोड पर पाइपलाइन कार्य बना मुसीबत, धूल और अव्यवस्था से व्यापारी परेशान

Share

 

पाइपलाइन अव्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी का विरोध, जल्द पक्का निर्माण की मांग

देवास। शहर के जयप्रकाश मार्ग स्थित पीठा रोड पर पाइपलाइन डालने के लिए करीब दो सप्ताह पहले जेसीबी मशीन से नाली खोदी गई थी। कार्य पूरा होने के बाद इसे केवल मिट्टी से भरकर छोड़ दिया गया, जिससे क्षेत्र में दिनभर धूल उड़ रही है और आमजन के साथ व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सिंह ठाकुर ने बताया, कि पीठा रोड से लेकर तीन बत्ती चौराहा और एमजी रोड तक किए गए इस अधूरे कार्य के कारण दुकानों में लगातार धूल जम रही है। व्यापारियों का कहना है कि उन्हें हर 10 से 15 मिनट में दुकान की सफाई करनी पड़ रही है, जिससे उनका कामकाज प्रभावित हो रहा है। स्थिति इतनी खराब है कि दिन में चार से पांच बार पानी का छिड़काव करना पड़ रहा है, फिर भी राहत नहीं मिल रही।

स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में नाली खोदकर महीनों तक अधूरा छोड़ दिया गया था, जिसके बाद दुकानदारों ने स्वयं पक्का निर्माण कर समस्या से निजात पाई थी।

जिला उपाध्यक्ष सलमान सदर ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा, कि बरसात का मौसम नजदीक आने के बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा पक्का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। ऐसे में बारिश के दौरान हालात और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे आवागमन और व्यापार दोनों प्रभावित होंगे।

आम आदमी पार्टी के जाकिर खान, दीपक मालवीय, सूरज राठौड़, संतोष लोहाना, प्रहलाद राठौड़ और मेहरबान चौहान ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द पक्का निर्माण कार्य कराकर आमजन को राहत देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन की राह अपनाई जाएगी।

 

Back to top button