खेत-खलियान

मेंढकी चक में भारतीय किसान संघ की बैठक, मिनी सुपर कॉरिडोर में जमीन अधिग्रहण व नोटिस का उठाया मुद्दा

Share

 

मेंढकी चक में भारतीय किसान संघ की ग्राम समिति बैठक में किसानों ने मिनी सुपर कॉरिडोर परियोजना के तहत हो रहे भूमि अधिग्रहण और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई।

देवास। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में ग्राम समिति की बैठक मेंढकी चक में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की रीति-नीति और किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला मंत्री शेखर पटेल ने बताया कि मेंढकी चक क्षेत्र में प्रस्तावित मिनी सुपर कॉरिडोर के लिए चार गांवों की तीन फसली जमीन भी अधिग्रहित की जा रही है। किसानों के अनुसार इससे 100 से 150 परिवार सीधे प्रभावित हो रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि अब तक उन्हें उनकी जमीन के अधिग्रहण को लेकर कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी गई है।

बैठक में जिला मंत्री शेखर पटेल ने यह भी मुद्दा उठाया कि प्रशासन द्वारा कुछ किसानों को शांति भंग करने के नोटिस जारी कर 50 हजार रुपये का मुचलका भरने के निर्देश दिए गए हैं। जिला मंत्री शेखर पटेल ने चेतावनी दी कि यदि इसी तरह की स्थिति बनी रही तो भारतीय किसान संघ विकास प्राधिकरण का घेराव करने के लिए बाध्य होगा।

बैठक में प्रांत के जैविक प्रमुख एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आनंद सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे और उन्होंने किसानों को संगठन के साथ मजबूती से जुड़े रहने का आह्वान किया।

Back to top button