नगर निगम

देवास नगर निगम में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 150 से अधिक कर्मचारियों ने कराई जांच

15 अप्रैल को पुनः लगेगा स्वास्थ्य शिविर

Share

देवास। नगर निगम परिसर में मंगलवार को आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में निगम कर्मचारियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुआ, जिसमें 150 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

शिविर का आयोजन जना स्मॉल फाइनेंस बैंक द्वारा अपनी सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत किया गया, जिसमें एचसीजी कैंसर हॉस्पिटल इंदौर की विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल टीम ने सेवाएं प्रदान कीं।

शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, सीबीसी, बीएमआई, वजन एवं हिमोग्लोबिन सहित विभिन्न जांचें नि:शुल्क की गईं। साथ ही डॉक्टरों द्वारा मरीजों को उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक परामर्श दिया गया। कई कर्मचारियों ने पूर्व की जांच रिपोर्ट दिखाकर भी विशेषज्ञों से सलाह ली।

इस दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, समय पर जांच के महत्व एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई।

150 से अधिक ने उठाया लाभ-
शिविर में 150 से अधिक निगम कर्मचारियों एवं नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ लिया। जना स्मॉल फाइनेंस बैंक के अधिकारियों ने बताया कि बैंक भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक सरोकार वाले आयोजन करता रहेगा। जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को भी नगर निगम में पुनः स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।

महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि कर्मचारियों का स्वस्थ रहना किसी भी संस्था की कार्यक्षमता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं।

नगर निगम प्रशासन ने जना स्मॉल फाइनेंस बैंक एवं एचसीजी कैंसर हॉस्पिटल इंदौर की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर के दौरान कार्यालय अधीक्षक रंजीत सिंह पंजाबी, सीएसईडी अशोक दुबे, निगम आयुक्त के निज सचिव भोला सिंह जादौन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Back to top button