नेवरी फाटा के पास दर्दनाक हादसा: कार पेड़ से टकराई, दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों की मौत

जिले के भौंरासा क्षेत्र में नेवरी फाटा चौकी के समीप बीती रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। तेज रफ्तार एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
भौंरासा (मनोज शुक्ला)। थाना क्षेत्र अंतर्गत रात करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, सोनकच्छ से अपने दादाजी की तेरहवीं का सामान लेकर ग्राम गुनाई लौट रही एक्सयूवी कार (MP 09 NP-8000) अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस दर्दनाक हादसे में मोहित (22) पिता दिनेश नागर निवासी ग्राम गुनाई, शुभम (24) पिता राजेश नागर और प्रदीप (20) पिता राजेश नागर निवासी दूधलाई, सोनकच्छ की मौके पर ही मौत हो गई। शुभम और प्रदीप सगे भाई थे, जिनकी एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं सचिन पिता दिलीप नागर निवासी सुल्पाखेड़ी, बरोठा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ. राहुल गहलोत ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए आदियोगी अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही भौंरासा थाना प्रभारी अनीता सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू कराया। डायल-112 और टोल टैक्स एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल अशोक चौहान, महेंद्र राव, आरक्षक अरुण रावत, 112 पायलट धर्मेंद्र सिसोदिया, टोल टैक्स से जुड़े डॉ. सत्य प्रकाश एवं एंबुलेंस चालक जाकिर खान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सराहनीय भूमिका निभाई।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




