क्राइम

Dewas news खुद को CRPF का DIG बताने वाला गिरफ्तार

Share

 

देवास बस स्टैंड पर लाल बत्ती लगी टैक्सी में झाड़ रहा था रौब

देवास। सिटी कोतवाली पुलिस की सतर्कता से एक सनसनीखेज फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। खुद को CRPF का DIG बताकर लाल बत्ती लगी कार में घूम रहे युवक को बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। जांच में उसकी पहचान और आईडी दोनों फर्जी निकले, साथ ही वाहन चालक से भी पूछताछ की जा रही है।

देवास के बस स्टैंड क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे युवक को पकड़ने में सफलता हासिल की, जो खुद को CRPF का DIG बताकर लोगों पर रौब झाड़ रहा था। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद शर्मा के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड पर एक संदिग्ध वाहन खड़ा है।

सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि एक टैक्सी पासिंग स्विफ्ट कार पर लाल बत्ती लगी हुई है। वाहन संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उसे रोककर जांच शुरू की।

पूछताछ के दौरान कार में मौजूद युवक ने खुद को CRPF का DIG बताया, लेकिन उसके जवाबों में असंगति पाई गई। पुलिस ने जब उसका आईडी कार्ड चेक किया, तो वह पूरी तरह फर्जी निकला। तलाशी के दौरान उसके पास से CRPF की नकली टोपी भी बरामद हुई।

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी की असलियत सामने आई। उसकी पहचान सौरभ राणा (31), निवासी सुर्खी जिला सागर, हाल मुकाम भोपाल के रूप में हुई। वह भोपाल स्थित आर्यन कार सर्विस सेंटर में काम करता है। इस मामले में वाहन चालक मोहर सिंह विश्वकर्मा का नाम भी सामने आया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह वाहन चला रहा था और आरोपी के साथ मौजूद था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बगलामुखी मंदिर और देवास माता टेकरी के दर्शन कर लौट रहा था और बस स्टैंड पर गाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान पुलिस जांच में वह फर्जी अधिकारी बनकर घूमता हुआ पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी कब से इस तरह फर्जी पहचान के सहारे लोगों को गुमराह कर रहा था और कहीं उसने इससे पहले भी किसी प्रकार की ठगी या प्रभाव का दुरुपयोग तो नहीं किया।

Back to top button