इंदौर शहर में बिजली मैंटेनेंस के महा अभियान में 500 कार्मिक लगाए

– उपभोक्ताओं की सुविधा के मद्देनजर सुबह जल्दी किया जा रहा कार्य
इंदौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के आदेश पर शहर में मैंटेनेंस का महा अभियान प्रारंभ किया गया है। शहर के 31 जोन से संबंधित निम्न दाब और उच्च दाब लाइनों, ग्रिडों, ट्रांसफार्मरों के मैंटेनेंस के लिए करीब पांच सौ कार्मिक लगाए गए हैं।
शहर वृत्त अधीक्षण अभियंता श्री डीके गाठे ने बताया कि मार्च में वार्षिक परीक्षाओं को देखते हुए टाला गया था, इस वजह से महा अभियान अप्रैल के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ किया गया है। श्री गाठे ने बताया कि हाईड्रा गाड़ियों के साथ ही शहर की करीब अन्य 100 गाड़ियों, 60 इंजीनियरों समेत 500 कार्मिकों के माध्यम से गुणवत्ता से मैटेनेंस कराया जा रहा है। निम्न दाब लाइनों का लोड बैलेंसिंग कार्य, लाइन, ट्रांसफार्मरों के पास पेड़ों की टहनियों की कटाई, ट्रांसफार्मरों का मैंटेनेंस, लंग्स के कार्य इत्यादि कराए जा रहे है, वहीं उच्चदाब लाइनों के जम्पर, एबी स्वीच, ग्रिडों के पीटीआर, वीसीबी, आईसोलेटर इत्यादि के कार्य हो रहे हैं।
अधीक्षण यंत्री ने बताया कि मैंटेनेंस के महा अभियान का उद्देश्य अप्रैल अंत या मई में बिजली की मांग बढ़ने के फलस्वरूप गुणवत्ता से बिजली प्रदाय करने के साथ ही मानसून के पहले की विभागीय गतिविधियों को पूर्ण करना है, ताकि अवरोध न्यूनतम आए।

श्री गाठे ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के अनुसार गर्मी को देखते हुए सुबह जल्दी मैंटेनेंस कराया जा रहा है, 90 प्रतिशत कार्य सुबह 6 से लेकर 9 बजे तक पूर्ण कराया जा रहा है, ताकि तापमान बढ़ने के पहले मैंटेनेंस वाले क्षेत्र की आपूर्ति सामान्य कर दी जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यालय के प्रभारी अधिकारियों के समक्ष मैंटेनेंस गतिविधियों का प्रजेंटेशन भी दिया जा रहा हैं।




