टोंकखुर्द में आबकारी का बड़ा एक्शन: ढाबे से 103 पेटी अवैध शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

देवास। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने टोंकखुर्द में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे के मार्गदर्शन में टीम ने एक ढाबे पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की है।
सूचना के आधार पर गठित आबकारी टीम ने टोंकखुर्द स्थित धाकड़ रेस्टोरेंट पर दबिश दी, जहां तलाशी के दौरान 103 पेटी देशी और विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 961.6 बल्क लीटर आंकी गई है, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख 74 हजार रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क एवं 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक कैलाश जामोद, उपनिरीक्षक प्रेम यादव और आरक्षक आशीष गुप्ता सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




