क्राइम

डायल 112 की त्वरित कार्रवाई: मधुमक्खी हमले और सड़क दुर्घटना में घायल की मदद

Share

 

देवास। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता पहुंचाने वाली डायल 112 सेवा जीवन रक्षक साबित हो रही है।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर जिले में डायल 112 टीम लगातार सतर्क और सक्रिय रहकर नागरिकों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रही है। 30 मार्च को हुई दो अलग-अलग घटनाओं में डायल 112 की तत्परता ने यह साबित कर दिया कि समय पर पहुंची मदद ही सबसे बड़ी राहत होती है।

मधुमक्खियों के हमले में घायल को मिली नई जिंदगी-
थाना नाहर दरवाजा क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा के पास एक व्यक्ति पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की एफआरवी-05 टीम बिना समय गंवाए मौके के लिए रवाना हुई। आरक्षक अमित कुशवाह और पायलट शिवनारायण चौधरी ने तेजी से पहुंचकर पीड़ित विक्रम माली (57) को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
समय पर मिली चिकित्सा सहायता के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई।

सड़क हादसे में गंभीर घायल को मिली त्वरित मदद-
वहीं थाना सिविल लाइन क्षेत्र में कार और बाइक की भिड़ंत में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही एफआरवी-03 टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आरक्षक भूपेन्द्र गौतम और पायलट श्रीराम ने घायल देवेन्द्र पिता फतेसिंह (38) को बिना देरी किए सिविल अस्पताल पहुंचाया। डायल 112 की इस तत्परता ने घायल को समय रहते उपचार दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

हर कॉल पर तुरंत एक्शन-
इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर साबित किया कि डायल 112 सिर्फ एक नंबर नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में जीवन बचाने वाली लाइफलाइन है। चाहे हादसा हो या आकस्मिक आपदा-डायल 112 टीम हर स्थिति में तुरंत मदद के लिए तैयार रहती है।

पुलिस की अपील-
देवास पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर चलते समय सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क करें।

Back to top button