किसानों की जमीन की गाइडलाइन बढ़ाने की मांग, जिला पंजीयक को सौंपा ज्ञापन

– बाजार भाव से चार गुना मुआवजा दें- जिला मंत्री शेखर पटेल
देवास। भारतीय किसान संघ ने किसानों की जमीन की गाइडलाइन दरों में वृद्धि को लेकर जिला प्रशासन के सामने मांग रखी। संघ ने स्पष्ट किया कि वर्तमान दरें वर्षों से अपरिवर्तित हैं, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है।
भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला पंजीयक दीपक शर्मा को ज्ञापन सौंपकर किसानों की जमीन की गाइडलाइन दरों में वृद्धि की मांग की। संघ का कहना है कि वर्ष 2012 से अब तक जमीन की गाइडलाइन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि बाजार भाव में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसी स्थिति में किसानों को उनकी जमीन का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
संघ ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन किसानों के हितों से समझौता भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी परियोजना के लिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जाता है, तो उन्हें वर्तमान बाजार मूल्य से कम से कम चार गुना मुआवजा दिया जाना चाहिए।
जिला मंत्री शेखर पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा, कि यदि किसानों की जमीन को ओने-पोने दामों पर अधिग्रहित करने का प्रयास किया गया, तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ भूमाफिया सस्ती दरों पर जमीन हड़पने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान तहसील अध्यक्ष ईश्वरलाल पटेल सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।




