गुड़ी पड़वा पर बंद रहेगी मंडी, धार्मिक संगठनों व भारतीय किसान संघ की मांग पर लिया निर्णय

– अवकाश संशोधन के बाद जारी हुआ नया शेड्यूल
देवास। कृषि उपज मंडी में अवकाश को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति अब साफ हो गई है। मंडी प्रशासन ने पूर्व में जारी आदेश में संशोधन करते हुए नई तारीखों के अनुसार मंडी संचालन का निर्णय लिया है।
पहले 19 मार्च (गुड़ी पड़वा) को मंडी चालू रखने का निर्णय व्यापारी संघ के साथ बैठक में लिया गया था, लेकिन सामाजिक व धार्मिक संगठनों और भारतीय किसान संघ की मांग को ध्यान में रखते हुए इस फैसले में बदलाव किया गया।
मंडी प्रशासन द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार 19 मार्च को मंडी में नीलामी बंद रहेगी। इस निर्णय के पीछे धार्मिक भावनाओं का सम्मान और सभी पक्षों के साथ समन्वय को प्रमुख कारण बताया गया है।
मंडी सचिव अरविंद परिहार ने बताया कि धार्मिक संगठनों, किसान संघ के सुझाव और अनाज व्यापारी संघ के साथ चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है, ताकि मंडी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
इन तारीखों को होगी नीलामी-
मंडी में 23, 24, 25, 26 और 30 मार्च 2026 को नीलामी (घोष विक्रय) कार्य किया जाएगा।
इन दिनों रहेगा अवकाश-
वहीं 18, 19, 20, 21, 22, 27, 28, 29 और 31 मार्च 2026 को मंडी बंद रहेगी। मंडी सचिव ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे तय तारीखों के अनुसार ही अपनी उपज मंडी में लेकर आएं, जिससे असुविधा से बचा जा सके।
नए शेड्यूल के अनुसार मंडी संचालन से जहां धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया गया है, वहीं किसानों और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने की कोशिश भी की गई है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री शेखर पटेल के नेतृत्व में 19 मार्च को मंडी बंद रखने के लिए ज्ञापन सौंपा गया था।




