भीषण आग से 6 बीघा से अधिक गेहूं की फसल खाक

सिरोल्या (अमर चौधरी)। क्षेत्र के हापाखेड़ा मार्ग पर स्थित संजीवनी अस्पताल के समीप मंगलवार सुबह अज्ञात कारणों से गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। घटना सुबह लगभग 10:15 बजे की बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दो किसानों की साढ़े छह बीघा से अधिक फसल जलकर राख हो गई।
ग्रामीणों की सतर्कता से टला बड़ा नुकसान-
आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और किसान मौके पर पहुंच गए। किसी ने पानी के टैंकर मंगवाए तो कोई पेड़ों की टहनियों और झाड़ियों से आग बुझाने में जुट गया। ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आसपास लगी लगभग 50 बीघा गेहूं की फसल भी इसकी चपेट में आ सकती थी, जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता था।

दो किसानों की मेहनत पर फिरा पानी-
इसमें हापाखेड़ा निवासी शेखर पिता मुबारिक पटेल की करीब 5 बीघा तथा अरावली पिता उस्मान गनी पटेल की लगभग डेढ़ बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। चार महीने की मेहनत और पसीने से तैयार की गई फसल पलभर में राख में तब्दील हो गई।
मुआवजे की मांग-
पीड़ित किसानों ने शासन-प्रशासन से घटना की जांच कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि फसल कटाई के ठीक पहले हुए इस नुकसान से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।





