बेहरी क्षेत्र में धूमधाम से विघ्नहर्ता को दी विदाई गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों से गूंजा क्षेत्र

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। बेहरी क्षेत्र में गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ… के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने अनंत चतुर्दशी के अवसर पर श्रीगणेश मूर्तियों का विसर्जन किया। सुबह से ही श्रद्धालु अपने घरों से मूर्तियां विसर्जन स्थल ले जाते नजर आए और बप्पा की विदाई में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
विभिन्न स्थानों व घर-घर में स्थापित मूर्तियों को बैंड-बाजों के साथ जुलूस के रूप में विसर्जन स्थल तक ले जाया गया। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों की टोलियां सिर पर गणेश जी को उठाकर चल रही थीं, तो बड़े गणेश ट्रैक्टर-ट्रॉली पर विराजित थे। किसी ने नदी, तो किसी ने डैम व पोखर में मूर्तियां प्रवाहित कीं। इससे पूर्व हवन, पूजन एवं भंडारे के बाद आरती कर प्रसादी वितरित की गई और परिवार में खुशहाली की कामना की गई।
क्षेत्र में इस बार 10 से अधिक स्थानों पर सार्वजनिक गणेश स्थापना की गई थी। बेहरी में झांकियां सजाकर रात में धूमधाम से जुलूस निकालकर विघ्नहर्ता को भोमिया जी मंदिर के सामने स्थित राजगढ़ की नदी तक लाया गया। जहां नदी किनारे पंडाल लगाकर मूर्तियां एकत्रित की गईं। बाद में सभी मूर्तियों को एक साथ राजगढ़ नदी में विधि-विधान से विसर्जित किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बागली थाना प्रभारी दिनेश भंडारे के मार्गदर्शन में एएसआई सऊद अहमद कुरैशी, पुलिस कर्मी, पंचायत सरपंच हुकम सिंह बछानिया, सचिव एवं पंचायत कर्मी पूरे समय मौजूद रहे।




