क्राइम

गंगानगर में हुई नकबजनी का खुलासा, ऑपरेशन ‘त्रिनेत्रम’ से महिला गिरोह गिरफ्तार

Share

 

50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर 7 महिला आरोपियों को दबोचा, 60 हजार का माल बरामद

देवास। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने गंगानगर स्थित स्क्रैप गोदाम में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए महिला नकबजन गिरोह की सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और करीब 60 हजार रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया।

पुलिस के अनुसार 17 फरवरी को थाना औद्योगिक क्षेत्र में फरियादी अरुण पांडे निवासी कालानीबाग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी, कि गंगानगर स्थित उनके स्क्रैप गोदाम की दीवार तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने चोरी की है। चोरों ने गोदाम से भारी मात्रा में कमानी के पत्ते, क्लच प्लेट, पिस्टन, लोहे की रॉड, एसी ब्लोवर, 3 बैटरी और पानी की मोटर चोरी कर ली थी। फरियादी की रिपोर्ट पर धारा 305(A) एवं 331(4) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा नकबजनी के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया, जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के अंतर्गत घटनास्थल के आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की सघन जांच की। फुटेज के विश्लेषण के दौरान कुछ संदिग्ध महिलाएं क्षेत्र में घूमती हुई दिखाई दीं। टीम द्वारा तत्काल महिला आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में महिला आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कचरा बीनने के बहाने कॉलोनियों और औद्योगिक क्षेत्रों की रेकी करती हैं और मौका मिलते ही संगठित गिरोह के रूप में चोरी की वारदात को अंजाम देती हैं। पुलिस ने उक्त महिला आरोपियों से चोरी गया संपूर्ण माल कीमती करीबन 60 हजार रुपए का जब्त किया।

सराहनीय कार्य- थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक शशिकान्त चौरसिया, उनि नरेन्द्र अम्करे, आर अजय जाट, लक्ष्मीकांत शर्मा, मोनिका शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

Back to top button