इंदौर

इडा, सिलदार को मिली धरती आबा योजना के तहत रोशनी

Share

 

– अभियान का संचालन कर दूरस्थ क्षेत्रों को किया जा रहा रोशन

इंदौर। मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी क्षेत्र में रिवेम्प्ड डिस्ट्रिब्यूशन सेक्टर स्कीम आरडीएसएस अंतर्गत खरगोन जिले में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में अत्यंत दूरस्थ वनवासी क्षेत्र समेत मालवा निमाड़ में उन घरों को रोशनी उपलब्ध कराई गई, जो घर मूल गांवों से दो से तीन किमी दूर की मजरे, टोले की बसाहट वाले थे।

पिछले सवा तीन माह में खरगोन जिले में अत्यंत दूरस्थ बसे 260 घरों को चौबीस घंटे की लाइन वाली रोशनी प्रदान की गई है। इन गांवों के वनवासी परिवार अब इस बात के लिए खुश हैं कि घर में बच्चे बल्ब की रोशनी में पढ़ाई कर रहे हैं। मोबाइल भी अपने ही घर पर चार्ज हो रहा है। टीवी भी चलाई जा रही है। खरगोन जिले के बिस्टान बिजली वितरण केंद्र के रससांगली नीम फलिया में उपभोक्ता सिलदार तुलिया डुडवे का घर शुक्रवार को रोशन किया। घर के पास नया ट्रांसफार्मर, केबल, मीटर लगाया गया है। श्री डूडवे व अन्य ग्रामीणों ने पूजन अर्चन कर खुशियां मनाई।

श्री सिलदार इस बात से खुश हैं कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में उनके फलिए में स्थाई बिजली प्रदान की गई है, वह भी निःशुल्क। उनके बेटे ईडा सिलदार डूडवे का कहना है कि मेरी पढ़ाई में यह चौबीस घंटे की स्थाई बिजली बहुत मदद करेगी।

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि पिछले सवा तीन माह के दौरान अभियान चलाकर दूरदराज के मजरे, टोले में दो चार घर होने पर भी नए ट्रांसफार्मर, तार, पोल स्थापित कर बिजली प्रदान की गई है। वनवासी बहुल टोले, फलिए मजरों को बिजली कार्मिकों द्वारा ट्रेक्टरों, बैलगाड़ियों से पोल, तार, केबल भेजकर रोशन किया जा रहा है। प्रतिदिन तलहटी, पहाड़ों से तार, केबल, पोल लाने ले जाने का कार्य कर वनवासी घरों तक बिजली पहुंचाई जा रही हैं।

सवा तीन माह के दौरान एक हजार दस घरों में रोशनी पहुंचाई गई है, ये घर मूल बसाहट, आबादी, गांवों से दूर स्थित थे। प्रबंध निदेशक श्री सिंह ने बताया कि रतलाम जिले में 68, उज्जैन जिले में 52, मंदसौर में 15, नीमच में 25, शाजापुर में 8 दूरस्थ घरों तक बिजली पहुंचाई गई है। इसी तरह बुरहानपुर में 58, धार में 112, खंडवा में 71, आलीराजपुर जिले में 101, झाबुआ में 92, बड़वानी में 112, खरगोन में 260, देवास में 10 से ज्यादा घरों में रोशन पहुंचाई गई है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत दूरदराज के क्षेत्रों में विद्युतीकरण कार्य की लगातार मानिटरिंग हो रही है।

Back to top button