बाइक सवार पर बंदर ने किया हमला, चेहरे-कान पर दांतों से काटकर किया जख्मी

पुंजापुरा (बाबू हनवाल)। क्षेत्र में बंदर के हमले की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रोजमर्रा की तरह खेत पर जा रहे एक बाइक सवार पर अचानक बंदर ने हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार किशनगढ़ निवासी भीमसिंह डोडवे बाइक से अपने खेत की ओर जा रहे थे। किशनगढ़ मुख्य मार्ग पर रास्ते में एक परिचित के मिलने पर वे बाइक रोककर बातचीत करने लगे। इसी दौरान अचानक पीछे से आए एक बंदर ने उन पर हमला कर दिया। बंदर ने भीमसिंह के चेहरे और कान पर दांतों से काटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल बाइक सवार की मदद की और मामले की सूचना वन विभाग को दी। हमले में घायल भीमसिंह डोडवे को तत्काल उपचार के लिए शासकीय अस्पताल उदयनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए देवास रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग भी सक्रिय हुआ। इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी सत्येन्द्र ठाकुर ने बताया कि वन्य प्राणी द्वारा किए गए हमले के उपचार का खर्च वन विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने और ऐसे वन्य प्राणियों से बचाव के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।




