अमलतास अस्पताल में स्वास्थ्य का महाकुंभ

– सर्व रोग निदान शिविर से सैकड़ों मरीज हो रहे लाभान्वित
देवास। क्षेत्र के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में अमलतास सुपर स्पेशलिटी अस्पताल द्वारा आयोजित वर्ष 2026 का पहला और सबसे बड़ा ‘सर्व रोग निदान शिविर’ प्रारंभ हो चुका है। 10 जनवरी से शुरू हुए इस शिविर का लाभ बड़ी संख्या में मरीज उठा रहे हैं। शिविर 16 जनवरी तक चलेगा।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार शिविर में हृदय रोग, किडनी रोग, कैंसर, मस्तिष्क रोग, मूत्र एवं पथरी रोग, बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी सहित अन्य गंभीर बीमारियों का निशुल्क विशेषज्ञ परामर्श दिया जा रहा है। साथ ही खून व पेशाब की जांच, शुगर जांच, सोनोग्राफी, एक्स-रे, ईसीजी (ECG), आंखों की जांच, बच्चों के लिए विशेष परामर्श तथा महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी नि:शुल्क की जा रही हैं।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के मरीज अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। कई मरीजों ने बताया कि इतनी सुविधाएं एक ही स्थान पर निशुल्क मिलने से उन्हें समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है।
अमलतास वेलफेयर सोसायटी के चेयरमैन ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में रहने वाले उन लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा कि अमलतास अस्पताल का संपूर्ण स्टाफ और विशेषज्ञ चिकित्सक पूरी निष्ठा से जनसेवा में जुटे हुए हैं।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में इस पहल को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा जा रहा है और शिविर को सफल बनाने में मरीजों की सक्रिय भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
अस्पताल प्रबंधन ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक लोग इस सर्व रोग निदान शिविर का लाभ उठाएं और समय रहते अपने स्वास्थ्य की जांच करवाएं।


