इंदौर

रबी सीजन में अस्थाई बिजली कनेक्शन देकर 97 हजार 200 किसानों की मदद

Share

 

– जलस्त्रोत दूर होने या खेत में स्थाई बिजली सेवा नहीं होने पर देते है अस्थाई कनेक्शन

इंदौर। चना, मटर, सरसो, धनिया, अलसी, मैथी, प्याज रायडा, गेहूं, अफीम, लहसुन, मटर व अन्य सहयोगी फसलों का समय यानि रबी सीजन में मप्र पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी की ओर से किसानों की हरसंभव मदद जारी है।

मालवा और निमाड़ के साढ़े 14 लाख किसानों को प्रतिदिन दस घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, वहीं दूर दराज के जिन किसानों के पास सिंचाई के लिए स्थाई बिजली कनेक्शन नही है, उन्हें अस्थाई कनेक्शन प्रदान दिए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक रबी सीजन में 97200 किसानों को अस्थाई बिजली कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।

पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि मालवा निमाड़ कृषि प्रधान क्षेत्र है, इसलिए बिजली कंपनी के लिए रबी सीजन बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि राज्य शासन के आदेशानुसार कंपनी रबी सीजन में किसानों को दस घंटे दैनिक बिजली आपूर्ति कर रही है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों के पास स्थाई कनेक्शन नहीं है, उन्हें अस्थाई कनेक्शन प्रदान किए जा रहे है, ताकि वे विधिवत कनेक्शन के माध्यम से सिंचाई कर पाए, फसल उत्पादन में अपनी भूमिका निभाएं। अब तक लगभग 97200 किसानों को स्थाई कनेक्शन दिए गए हैं, ताकि रबी सीजन में वे वैकल्पिक जलस्त्रोत से सिंचाई कार्य कर सके। ग्रामीण क्षेत्रों में तीन हार्स पावर की मोटर के लिए चार माह के सिंचाई कार्य के अस्थाई कनेक्शन के 7666 रुपए ही लिए जा रहे है।

प्रबंध निदेशक ने बताया कि स्थाई कनेक्शन मौजूदा कनेक्शन से दूर अन्य जलस्त्रोत, नदी, तालाब से पानी लाने के लिए या स्थाई कनेक्शन नहीं होने पर दिया जा रहा है। इंदौर ग्रामीण सर्कल में इस तरह के अस्थाई कनेक्शन 4900 हो चुके हैं। खंडवा में 9300, धार में 9150, झाबुआ सर्कल में 11010, उज्जैन में 11460, रतलाम में 7025, देवास में 7650, खरगोन में 6490, शाजापुर में 5060, मंदसौर में 8450, बड़वानी 5860, बुरहानपुर 4560 , नीमच में 3510, आगर में 2858 किसानों को रबी की सिंचाई कार्य के लिए अस्थाई कनेक्शन नियमानुसार दिए गए है। किसानों के लिए अस्थाई बिजली कनेक्शन देने का यह महत्वपूर्ण कार्य अब भी जारी है।

कम राशि में भी ली जा सकती हैं फसल-
किसानों को स्थाई कनेक्शन के लिए अपेक्षाकृत ज्यादा राशि चुकाना होती है, क्यों कि यह कार्य वर्षभर की बिजली आपूर्ति एवं स्थाई संसाधनों के लिए होता हैं। सिर्फ चार माह तक के लिए अस्थाई कनेक्शन लेने के लिए देय योग्य राशि अपेक्षाकृत काफी कम होती है, इस तरह कम राशि चुकाकर, विधिवत अस्थाई बिजली लेकर रबी फसल आसानी से ली जा सकती है। बिजली कंपनी के लिए भी अस्थाई कनेक्शन चोरी रोकने में मदद, राजस्व प्राप्ति और सही लोड की गणना के हिसाब से बहुत कारगर साबित होते हैं।

Amaltas hospital dewas

Back to top button