मोटरसाइकिल चोरी करवाकर फिरौती वसूल करने वाले गिरोह का कमलापुर पुलिस ने किया पर्दाफाश

देवास। जिले में चोरी की वारदात ने जबरन वसूली की खतरनाक साजिश का रूप ले लिया। मोटरसाइकिल चोरी कर पीड़ित से 15 हजार रुपए की फिरौती वसूलने वाले शातिर गिरोह को कमलापुर पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ से धर दबोचा। पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई ने न केवल पीड़ित को न्याय दिलाया, बल्कि जिले में सक्रिय ऐसे अपराधी गिरोहों के हौसले भी पस्त कर दिए।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों में सम्मिलित लोगों के विरुद्ध कार्य करने वाले एवं गलत तरीके से पैसे कमाने वाले गिरोह को चिन्हित कर मिशन स्तर पर उनके खिलाफ कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में थाना कमलापुर में 10 जनवरी को फरियादी दिलीप जादव निवासी ग्राम बड़ी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 7 जनवरी को खेत के सामने रखी उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 09 बीएम 8783 को कोई अज्ञात बदमाश चोरी कर कर ले गया है और उसके अगले दिन 8 जनवरी को फोन किया जाता है कि अगर 15 हजार रुपए दे दोगे तो मोटरसाइकिल वापस मिल जाएगी।
फरियादी ने मोटरसाइकिल लेने के लिए आरोपी अरविंद सेंधव के मोबाइल पर फोन पर 15000 ट्रांसफर कर दिए थे। उसके बाद भी फरियादी को मोटरसाइकिल नहीं दी गई। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना कमलापुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। जिस पर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बागली सृष्टि भार्गव के निर्देशन में थाना प्रभारी कमलापुर उनि एसएस मीणा के नेतृत्व मे तत्काल एक पुलिस टीम गठित की गई।
मुखबिर सूचना के आधार पर उक्त फिरौती गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कुल 3 आरोपियों को ग्राम कुमारिया थाना पीपलरावां जिला देवास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से फिरौती की गई राशि 15000 एवं चोरी की गई मोटरसाइकिल MP09 बीएम 8783 को एवं चोरी करने में उपयोग की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी-
1.कृष हाड़ा उम्र 19 साल निवासी कुमारिया बनवीर।
2. अविनाश सिसोदिया उम्र 21 साल निवासी पीपलरावा।
3. अरविंद सेंधव उम्र 25 साल निवासी ग्राम बावड़िया थाना पीपलरावा।
सराहनीय कार्य- थाना प्रभारी कमलापुर उप निरीक्षक सर्जन सिंह मीणा, प्रधान आरक्षक राजेंद्र शर्मा, सत्यप्रकाश मिश्रा, आरक्षक अरुण वर्मा, दिलीप एवं सायबर सेल से प्रधान आरक्षक सचिन चौहान की सराहनीय भूमिका रही।




