बैलगाड़ी लूट का 24 घंटे में खुलासा, सीसीटीवी से आरोपियों तक पहुंची खातेगांव पुलिस
मारपीट कर बैलगाड़ी, दो बैल और नकदी लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश; दो आरोपी गिरफ्तार

देवास। अजनास रोड पर ढाबे के पास बैलगाड़ी रोककर किसान से मारपीट कर बैल, बैलगाड़ी और नकदी लूटने की वारदात का खातेगांव पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर करीब 81 हजार रुपए कीमत के लूटे गए दोनों बैल बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की भी पहचान हुई है, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सिरपुर, तहसील हरसूद, जिला खंडवा निवासी संतोष मोरे (40) ने खातेगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि अजनास रोड स्थित पटेल ढाबे के पास चार अज्ञात लोगों ने उसकी बैलगाड़ी रोक ली। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और बैलगाड़ी में बंधे दो बैल, बैलगाड़ी, आधार कार्ड तथा जेब में रखे 1 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर खातेगांव पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात में बैल भी लूटे जाने से पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला लूट का रास्ता-
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही भौतिक साक्ष्य जुटाए गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर वारदात में शिवप्रसाद, गणेश, विकास और परवेज की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस को देखते ही भागे, घेराबंदी कर दबोचा-
आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ने सोमवार को नयापुरा बजगांव में दबिश दी। पुलिस को देखते ही दो संदिग्ध भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम शिवप्रसाद पिता मांगीलाल (55) और गणेश पिता रामप्रसाद (33), दोनों निवासी नयापुरा बजगांव, थाना खातेगांव बताया। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथी विकास पिता रमेश और परवेज पिता जगदीश, दोनों निवासी नयापुरा बजगांव, के साथ मिलकर लूट की वारदात करना स्वीकार किया।
निशानदेही पर 81 हजार के दोनों बैल बरामद-
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए दोनों बैलों को बरामद कर लिया। बरामद दोनों बैलों की अनुमानित कीमत करीब 81 हजार रुपए बताई गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
एसपी के निर्देश पर तेजी से हुई कार्रवाई-
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने लूट एवं गंभीर अपराधों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कन्नौद सौम्या जैन के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी खातेगांव निरीक्षक विजयसिंह लोधी ने टीम गठित कर कार्रवाई की।




