आत्मा जिनकी सुंदर है, देवाधि देव महादेव उन्हें ही पसंद करते हैं- निधि पुरोहित

सिरोल्या (अमर चौधरी)। ग्राम कैलोद में गणेश चौक पर शिव महापुराण कथा का आयोजन चल रहा है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुंच रहे हैं। मंगलवार को भगवान भोलेनाथ के दिव्य रूप से ओतप्रोत प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भजनों पर नृत्य करने लगे। कथावाचक निधि पुरोहित ने भगवान महादेव के अवतार पर प्रसंग सुनाया। उनकी लीलाओं का वर्णन किया।
उन्होंने व्यासपीठ से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युग में मनुष्य मंदिर कम जाना पसंद करते हैं। प्रतिदिन मंदिर में जाकर भगवान की आराधना करनी चाहिए। संसार में भगवान की भक्ति से कोई बड़ा धन एवं सुख नहीं है। जीवन एक यात्रा है रोकर जीने से बहुत लंबी लगती है और हंसकर जीने से कब पूरी हो जाती है पता ही नहीं चलता। शरीर जिनके सुंदर हैं, दुनिया उन्हें पसंद करती है। आत्मा जिनकी सुंदर है देवाधि देव महादेव उन्हें पसंद करते हैं। कलियुग में बचपन में मां का सहारा, जवानी में महात्मा का सहारा और बुढ़ापे में परमात्मा का सहारा जरूर लेना चाहिए।
कथा के विश्राम पर क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी, बलराम चौधरी, सरपंच प्रतिनिधि श्यामलाल चौधरी, उपसरपंच सुभाष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर व्यासपीठ का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर विधायक चौधरी ने श्रद्धालुओं को शिव महापुराण कथा का अनुसरण करते हुए कथावाचक पुरोहित द्वारा दिए जा रहे प्रवचन को अपने जीवन में उतारने का संदेश दिया। अंत में व्यासपीठ की महाआरती हुई एवं महाप्रसादी वितरित की गई। कथा के आयोजक राजकुमार पटेल हैं।




