नववर्ष पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, डीआईजी नवनीत भसीन ने देवास में कानून व यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायजा

देवास। नववर्ष के जश्न को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उज्जैन रेंज के डीआईजी नवनीत भसीन ने देवास शहर के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों का दौरा कर कानून एवं यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अमले से सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि हुड़दंग, नशाखोरी और यातायात अव्यवस्था पर सख्ती से नियंत्रण रखा जाए तथा नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
इस दौरान डीआईजी ने मल्हार स्मृति, रसूलपुर बायपास सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर कानून व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों से चर्चा कर सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली तथा मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी श्री भसीन ने निर्देशित किया कि नववर्ष के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग, नशाखोरी या यातायात बाधा को कतई बर्दाश्त न किया जाए। भीड़ नियंत्रण, सुचारू यातायात, सीसीटीवी निगरानी, पैदल गश्त एवं त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए। आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है तथा पुलिस बल को पूरी सतर्कता, संयम एवं संवेदनशीलता के साथ कर्तव्य पालन करने के निर्देश दिए।




