देवास

ग्राम बरदू में राम मंदिर के समीप कीचड़, राहगीरों की राह कीचड़ से भरी

Share

 

टोंकखुर्द (विजेंद्र सिंह ठाकुर)। ग्राम पंचायत बरदू में स्थित राम मंदिर के समीप वर्षों से जमा कीचड़ और गंदा पानी अब ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। जहां एक ओर श्रद्धालु रोज़ाना भगवान के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें आस्था की इस राह पर गंदगी और फिसलन से जूझना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं भी इसी मार्ग से गुजरते हैं।

बरदू गांव के मुख्य मार्ग पर राम मंदिर के समीप लंबे समय से कीचड़ जमा है। हालात ऐसे हैं कि बारिश हो या सामान्य दिन, हर समय सड़क पर गंदा पानी फैला रहता है। श्रद्धालुओं और राहगीरों को मजबूरी में कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे आए दिन लोग फिसलकर गिर जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदारों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीण गुलाबसिंह, महेंद्र सिंह, नारायण वर्मा, रविन्द्र वर्मा, हुकम सिंह, चंदर सिंह, जितेंद्र सिंह सहित अन्य ने मांग की है कि गांव के इस मुख्य मार्ग को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए ताकि श्रद्धालुओं और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके।

इस मामले में सरपंच प्रतिनिधि लालजीराम अमजेरिया ने बताया कि नाली पर अतिक्रमण होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इसकी जानकारी संबंधित विभाग को आवेदन के माध्यम से दी गई है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

वहीं सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है और मंदिर के सामने जमा कीचड़ को हटवाने की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button