सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के साथ विधायक ने की सहभागिता

कन्नौद (आशिक माचिया)। नगर के शासकीय उत्कृष्ट उमावि में आयोजित सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में मॉडल स्कूल एवं मिडिल स्कूल नंबर दो तथा उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में विधायक पं. आशीष शर्मा, अनोखीलाल चौहान, संदीप धूत, विद्यालय प्राचार्य लखन सोलंकी सहित अन्य गणमान्य नागरिक, शिक्षक-शिक्षिका तथा छात्र-छात्राओं द्वारा आकाशवाणी से रेडियो पर प्रसारित सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में सहभागिता की गई। सूर्य नमस्कार के बाद स्काउट गाइड के छात्रों द्वारा विशेष प्रस्तुति दी गई। माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेंद्र शर्मा ने अतिथियों का आभार माना। इसी प्रकार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि राधेश्याम जाट, संजय शर्मा, विद्यालय प्राचार्य रामभरोस परमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राओं ने भाग लिया।




