सिरोल्या मुख्य बाजार का ट्रांसफार्मर एलटी लाइन फाल्ट होने से जला, 8 घंटे तक बाधित रही बिजली

सिरोल्या (अमर चौधरी)। ग्राम सिरोल्या मुख्य बाजार में लगा ट्रांसफॉर्मर अचानक एलटी लाइन में फाल्ट होने से भर-भराकर जल गया। इससे बाजार से लगे घरों एवं दुकानों की बिजली बाधित हो गई। सुबह 9 बजे गुल हुई बिजली करीब शाम 5 बजे के बाद लौटी।
इस ट्रांसफार्मर से जुड़े 238 कनेक्शनों की बिजली करीब 8 घंटे से अधिक समय तक पूरी तरह बाधित हो गई। 42 डिग्री सेल्सियस के तापमान के दौरान बिजली प्रदाय बंद होने से भीषण गर्मी में लोगों का बुरा हाल हो गया। कूलर-पंखे नहीं चलने से लोग परेशान हो गए।
बिना AC घर को ठंडा कैसे रखें? जानिए 10 देसी और असरदार उपाय
बाजार से लेकर माली मोहल्ला तक की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। ग्रामीणों ने कहा कि दिनभर बिजली बंद रहने से बोरिंग की मोटर नहीं चल पाई, जिससे पीने के पानी की समस्या से ग्रामीणों को जूझना पड़ा। इधर, बिजली वितरण केंद्र के कर्मचारियों ने कहा कि ट्रांसफार्मर जलने की जानकारी तत्काल हमने अधिकारियों को दे दी थी। नया ट्रांसफार्मर आने एवं लगाने में समय विलम्ब हुआ।




