नगर निगम

सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर निगम की सख्त कार्रवाई

Share

 

सिविल लाइन क्षेत्र में कई नागरिकों पर स्पॉट फाइन, निगमायुक्त ने दिए कड़े निर्देश

देवास। शहर को स्वच्छ, सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम देवास ने स्वच्छता अभियान के तहत सख्ती बढ़ा दी है। निगमायुक्त दलीप कुमार के निर्देश पर बुधवार, 8 अक्टूबर को निगम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वार्ड क्रमांक 26 सिविल लाइन क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डालने वालों के खिलाफ स्पॉट फाइन की कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन क्षेत्र के नवीन तथा विवेकानंद कॉलोनी के निवासी विष्णु प्रसाद और सचिन द्वारा अपने घरों का कचरा खुले में और सार्वजनिक स्थल पर फेंका गया था। इस पर निगम मुख्य स्वच्छता निरीक्षक हेमंत उबनारे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए वार्ड प्रभारी दरोगा शिवा खत्री और अमर सांगते के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले नागरिकों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया और चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी गलती दोहराए जाने पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निगम अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम द्वारा पहले भी कई बार नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने घर का कचरा निगम के वाहनों में ही डाले और किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंके। कचरा प्रबंधन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए हर वार्ड में निगम की टीम नियमित रूप से निगरानी कर रही है।

 

Related Articles

Back to top button