धर्म-अध्यात्म

एकादशी पर नापाखेड़ी में बाबा खाटू श्याम का हुआ आकर्षक श्रृंगार

Share

 

श्रद्धा, भक्ति और भजन-कीर्तन के साथ मनाया एकादशी का पर्व

सिरोल्या (अमर चौधरी)। ग्राम नापाखेड़ी में स्थित श्री खाटू श्याम सालासर बालाजी मंदिर में पापकुंश एकादशी का पावन पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और “जय श्री श्याम” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

वैदिक मंत्रोच्चार से हुआ अभिषेक, बाबा का मनमोहक श्रृंगार-
मंदिर के पुजारी पं. दीपककुमार शर्मा द्वारा प्रातःकालीन पूजा-अर्चना के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा खाटू श्याम का जल, दुग्ध एवं पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद फूलों, आभूषणों और रंग-बिरंगे वस्त्रों से बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसे देखकर भक्तों के चेहरे पर अपार आनंद झलक उठा।

मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों की झालरों और तोरण द्वारों से सजाया गया। भक्ति संगीत और घंटा-घड़ियालों की मधुर ध्वनि से पूरा परिसर दिव्य वातावरण में नहाया हुआ प्रतीत हो रहा था। महिला श्रद्धालुओं द्वारा दिनभर भजन-कीर्तन किए गए।

सुबह से ही श्रद्धालु दूर-दूर से बाबा श्याम के दर्शन के लिए पहुंचे। भक्तों ने बाबा के चरणों में शीश नवाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की। भक्तों की मनोकामना पूर्ण होने पर मंदिर परिसर में तुलादान भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा अनुसार अन्न, फल और वस्त्र अर्पित किए।

सांयकाल में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात महाआरती संपन्न हुई। दीपमालाओं की रोशनी से मंदिर परिसर आलोकित हो उठा। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। बाबा श्याम की ज्योत प्रज्वलित की गई।

इस अवसर पर पं. ईश्वर शर्मा, दीपक नागर, रूपसिंह नागर, नवीन शर्मा, अमर नागर, विनोद नाना, विशाल मंडलोई, राजेश गुप्ता, निखिल सहित क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Back to top button