भक्ति के रंग में रंगा देवास रेलवे स्टेशन

350 श्रद्धालु गिरिराज परिक्रमा व ब्रजधाम के लिए रवाना
“जय गिरिराज महाराज” के जयघोष से गूंजा स्टेशन, पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालुओं का किया स्वागत
देवास। शुक्रवार का दिन देवास रेलवे स्टेशन पर आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अनुपम दृश्य का साक्षी बना, जब मां चामुंडा-मां तुलजा भक्त मंडल की बहुप्रतीक्षित गिरिराज परिक्रमा एवं ब्रज यात्रा के लिए करीब 350 श्रद्धालु अंबेडकर नगर-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन से मथुरा के लिए रवाना हुए।
“राधे-राधे” और “जय गिरिराज महाराज” के गगनभेदी जयघोष के बीच पूरा स्टेशन परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। समाजसेवियों व श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का भावपूर्ण स्वागत कर विदाई दी। यात्रा से पूर्व श्रद्धालुओं ने भगवान गिरिराज जी और ब्रजधाम की पावन भूमि के दर्शन की कामना करते हुए यात्रा के मंगलमय और सफल होने की प्रार्थना की। स्टेशन परिसर भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया।
गिरिराज परिक्रमा से दूर होते हैं कष्ट
इस अवसर पर महापौर गीता अग्रवाल ने कहा कि “गिरिराज जी की परिक्रमा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि एवं सेवा का मार्ग है। गिरिराज जी की परिक्रमा से भक्तों के कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है। यह यात्रा समाज को धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का माध्यम है। गिरिराज जी के दर्शन मात्र से मन में अद्भुत सुकून प्राप्त होता है।
यात्रा के प्रमुख आध्यात्मिक आकर्षण
गिरिराज परिक्रमा एवं ब्रज यात्रा के दौरान श्रद्धालु गिरिराज महाराज की पावन परिक्रमा करेंगे। यात्रा में बैंड-बाजों के साथ भजन-कीर्तन, फूल बंगला, छप्पन भोग, पंचामृत अभिषेक एवं संगीतमय महाआरती विशेष आकर्षण रहेंगे। भक्त मंडल द्वारा प्रत्येक क्षण को भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरने की विशेष तैयारियां की गई हैं।
प्रदेशभर से जुड़े श्रद्धालु
इस सामूहिक ब्रज यात्रा में देवास, इंदौर, उज्जैन, बड़नगर, रतलाम, आगर, झाबुआ, मंदसौर सहित राजस्थान के भवानीमंडी से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए हैं। यात्रियों के लिए भोजन, नाश्ता, ठहरने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भक्त मंडल द्वारा की गई हैं। प्रत्येक यात्री को पहचान पत्र (कार्ड) एवं यात्रा से संबंधित विस्तृत जानकारी वाला फोल्डर भी प्रदान किया गया है।
13 वर्षों से अखंड भक्ति परंपरा
मां चामुंडा-मां तुलजा भक्त मंडल के दुर्गेश अग्रवाल ने बताया कि यह यात्रा विगत 13 वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है। हर माह नियमित गिरिराज परिक्रमा एवं प्रत्येक वर्ष जनवरी माह में सामूहिक ब्रज यात्रा इस भक्तिपूर्ण परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, जिसमें श्रद्धालु पूरे समर्पण भाव से सहभागी बन रहे हैं।
ये श्रद्धालु यात्रा में हुए शामिल
इस दिव्य यात्रा में दुर्गेश अग्रवाल, रायसिंह सेंधव, राजीव खण्डेलवाल, विपुल अग्रवाल, मुकुल अग्रवाल, देवेंद्र बंसल, मनोहर बिलावलिया, देवेंद्र नवगोत्री, मुकेश सिंह चौहान, संजय शर्मा, कृष्णवल्लभ शर्मा, आलोक अग्रवाल, शुभम शर्मा, राकेश सोलंकी, सोहन अग्रवाल, शरद अग्रवाल, ओमप्रकाश बंसल, सौरभ गोयल, अमित पंडित, राजेश गौड़, रुद्रराज मकवाना, मधुसूदन अग्रवाल, दीपक गर्ग, शंकरसिंह राजपूत, सत्यनारायण पटेल, विक्रम परमार, अशोक अग्रवाल, उमेश चतुर्वेदी, रमेशचंद्र मंगल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए हैं।




